For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts

साइना एशियाई खेलों से बाहर

By Super

मुकेश शर्मा

बीबीसी संवाददाता, ग्वांगजो से

एशियाई खेलों में भारत को बड़ा झटका लगा है. बैडमिंटन में साइना नेहवाल सिंग्लस मुकाबले के क्वार्टर फ़ाइनल में हार गईं. उन्हें हॉंगकॉन्ग की यिन ने 8-21,21-8, 21-19 से हराया.

एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ी जहाँ लोकप्रिय खेलों में पदक लाने से चूक रहे हैं वहीं वुशु और रोइंग जैसे कम जाने-माने खेलों ने पदक तालिका को आगे बढ़ाने का जिम्मा ले रखा है.

भारत को खेलों के छठे दिन रोइंग में दो रजत और निशानेबाज़ी में एक काँस्य पदक मिला.

रोइंग में पुरुषों की मेन्स फ़ोर रेस में भारतीय टीम दूसरे स्थान पर आई. इसके बाद रोइंग की ही लाइटवेट मेन्स फ़ोर में भी भारत को रजत मिला.

मेन्स फ़ोर में अनिल कुमार, साजी टॉमस, रणजीत सिंह और जेनिल कृष्णन ने भारत की झोली में ये पदक डाला.

चीन की टीम को स्वर्ण मिला जबकि काँस्य उज़बेकिस्तान को गया.

लाइटवेट मेन्स फ़ोर में लोकेश कुमार, मंजीत सिंह, राजेश कुमार यादव और सतीश जोशी भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे थे.

इस स्पर्द्धा का स्वर्ण जापान को और काँस्य हॉन्ग कॉन्ग को मिला.

निशानेबाज़ी

विजय कुमार निशानेबाज़ी में 25 मीटर सेंटर फ़ायर पिस्टर में काँस्य पदक तक पहुँच सके.भारतीय टीम गगन नारंग की अगुआई में 50 मीटर राइफ़ल थ्री पोज़ीशन में भी उतरी थी मगर गगन चौथे स्थान पर आए और टीम भी चौथे स्थान पर रही.

नारंग ने बाद में बीबीसी हिंदी से बात करते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन राष्ट्रमंडल खेलों जैसा तो नहीं था मगर पिछले एशियाई खेलों से उनका प्रदर्शन बेहतर हुआ है.

राइफ़ल और पिस्टल के बाद अब निशानेबाज़ी के ट्रैप मुक़ाबले शुरू हो रहे हैं, जहाँ भारतीय चुनौती मानवजीत सिंह संधू, मनशेर सिंह और ज़ोरावर सिंह के हाथों में है.

भारतीय मुक्केबाज़ों ने पदक की उम्मीद बरक़रार रखी है. गुरुवार को उनका विजय अभियान आगे बढ़ा.

पुरुषों के 52 किलोग्राम वर्ग में सुरंजय सिंह क्वॉर्टर फ़ाइनल में, परमजीत समोटा 91 किलोग्राम वर्ग में सेमीफ़ाइनल में और 46-49 किलोग्राम वर्ग में अमनदीप सिंह प्रीक्वॉर्टर फ़ाइनल में पहुँच चुके हैं.

बैडमिंटन में अरविंद भट्ट थाईलैंड के बूनसक पोनसना से 19-21, 12-21 से हार गए. वहीं ज्वाला गुट्टा और वी दिजू की जोड़ी मिश्रित युगल में हारकर बाहर हो गई है.

सानिया जीती

टेनिस में दिन मिला जुला रहा जहाँ सानिया मिर्ज़ा ने तो पहले दौर का मैच बहुत ही आसानी से 6-1, 6-0 से जीत लिया. मगर पूजाश्री वेंकटेश पहले दौर में हार गईं. सनम कुमार सिंह और रश्मि चक्रवर्ती की जोड़ी भी मिश्रित युगल से बाहर हो गई है.

टेबल टेनिस में भारत की चुनौती ख़त्म हो गई है जबकि शामिनी कुमारेसन महिला एकल में, अंचता शरद कमल और शुभजीत साहा पुरुष युगल में और अचंता शरद कमल और अमलराज अर्पुथराज पुरुष एकल में हार गए.

स्क्वॉश में दीपिका पल्लिकल, जोशना चिनप्पा और सौरभ घोषाल ने अपने मुक़ाबले जीत लिए हैं.

महिलाओं के वॉलीबॉल में उत्तर कोरिया ने भारत को सीधे सेटों में हरा दिया तो महिलाओं के बास्केटबॉल में भारत चीन से हार गया.

भारत को अब तक एकमात्र स्वर्ण दिलाने वाले पंकज आडवाणी पुरुषों के स्नूकर में अगले दौर में पहुँच गए हैं.

चीन का इन खेलों पर राज बरक़रार है और उनके स्वर्ण पदकों का शतक और कुल पदकों का दोहरा शतक पूरा हो चुका है.

पदक तालिका में दूसरे स्थान पर दक्षिण कोरिया है जो अभी तक 50 स्वर्ण तक भी नहीं पहुंचा है जबकि तीसरे स्थान पर जापान चल रहा है.

भारत एक स्वर्ण, सात रजत और आठ काँस्य पदकों के साथ पहले दस स्थान से भी बाहर है.

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:49 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+