बीबीसी संवाददाता, ग्वांगजो से
भारतीय मुक्केबाज़ों के लिए बुधवार का दिन काफ़ी अहम होगा हालाँकि सभी इस उम्मीद से रिंग में उतरेंगे कि कहीं मेडल न मिल जाए. दरअसल भारतीय मुक्केबाज़ सेमीफ़ाइनल दौर में रिंग में उतर रहे हैं और इस राउंड में हारने वाले को काँस्य पदक से संतोष करना पड़ता है. ऐसे में सभी भारतीय मुक्केबाज़ फ़ाइनल की राह पकड़ना चाहते हैं.सबसे पहले महिलाओं की 69-75 किलोग्राम वर्ग में कविता गोयत का मुक़ाबला चीन की लि जिंज़ी से है.
पुरुषों के 52 किलोग्राम वर्ग में सुरंजय सिंह चीन के चांग योंग से भिड़ेंगे तो वहीं पुरुषों के 60 किलोग्राम में विकास कृष्ण का सामना उज़बेक मुक्केबाज़ हुर्शीद तोजिबाएव से है. दिनेश कुमार 81 किलोग्राम वर्ग में नेपाल के दीपक महाराजन के सामने होंगे और 91 किलोग्राम से अधिक के वर्ग में परमजीत समोटा का मुक़ाबला चीन के झांग झिलेइ से है.
मनप्रीत सिंह 91 किलोग्राम वर्ग में ताजिकिस्तान के जाखोन क़ुर्बोनोव से भिड़ने वाले हैं. भारत के दोनों स्टार मुक्केबाज़ एमसी मैरीकॉम और विजेंदर सिंह भी सेमीफ़ाइनल में उतरेंगे. मैरीकॉम के सामने चीन की रेन कैनकैन है तो विजेंदर के सामने ईरान के मोहम्मद सत्तारपोर.
तीरंदाज़ी और एथलेटिक्स में उम्मीद
तीरंदाज़ी में राहुल बनर्जी और तरुणदीप रॉय एकल मुक़ाबलों में भारत का झंडा थामेंगे. फ़्रीस्टाइल कुश्ती में प्रदीप कुमार 66 किलोग्राम वर्ग में यमन के मुस्तफ़ा अलहैमी से भिड़ने वाले हैं तो वहीं 74 किलोग्राम वर्ग में नरसिंह यादव इराक़ के हुशाम अलतालिबी से दो-दो हाथ करेंगे.
राम वीर 84 किलोग्राम कुश्ती के क्वॉर्टर फ़ाइनल में हैं.स्क्वॉश में भारतीय महिला टीम का मुक़ाबला मलेशिया से है. कबड्डी में भारतीय महिला और पुरुष दोनों ही टीमों का मुक़ाबला कोरिया से है.हॉकी में भारतीय महिला टीम काँस्य पदक के लिए जापान से भिड़ेगी.
एथलेटिक्स में पुरुषों के डिस्कस थ्रो में विकास शिवे गौड़ा फ़ाइनल में हैं. पुरुषों की लंबी कूद में महा सिंह और अंकित शर्मा पदक की ओर छलाँग लगाने की कोशिश करेंगे. महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में गीता सत्ती और तिआना मैरी टॉमस फ़ाइनल में जगह बनाने की कोशिश करने वाले हैं. पुरुषों के वर्ग में सत्या सुरेश और धरमबीर पहली दौड़ में हिस्सा लेंगे.
महिलाओं की 800 मीटर दौड़ के लिए भी क्वालिफ़िकेशन दौड़ होनी है जिसमें सिनिमोल पॉलोज़ और टिंटू लूका फ़ाइनल में पहुँचने के लिए ज़ोर लगाएँगी. पुरुषों की इसी रेस में संजीश जोसेफ़ और फ़्रैंसिस पति हैं.