नई दिल्ली। इंडोनेशिया में 18 अगस्त से शुरू होने वाले 18वें एशियन गेम्स की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं, वहीं सभी खिलाड़ी भी पूरे दम-खम के साथ इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए पहुंच चुके हैं। वहीं इसके साथ ही इन खेलों की मशाल देश की एक महीने की यात्रा पूरी कर बुधवार को राजधानी जकार्ता पहुंची। मशाल ने 17 जुलाई को देश के सांस्कृतिक केंद्र योग्याकार्ता से यात्रा शुरू की थी जिसके यहां पहुंचने पर बैंड, पारंपरिक नृत्य और संगीत कार्यक्रमों के साथ इसका स्वागत किया गया।
ये भी पढ़ें-एशियन गेम्स में हिस्सा लेने से पहले पीवी सिंधु ने कही दिल छूने वाली बात
इस मशाल को भारत की राजधानी दिल्ली में 1951 में प्रज्जवलित किया गया था, जहां पहले एशियन गेम्स का आयोजन हुआ था। आयोजकों को उम्मीद है कि यहां मशाल रैली में कम से कम दस लाख दर्शक शामिल होंगे। इस मशाल को 54 शहरों की 18,000 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर शनिवार को खेलों के उद्घाटन समारोह के दौरान यहां के गेलोरा बंग कर्नों स्टेडियम में लाया जाएगा। इंडोनेशिया में एशियन गेम्स की शुरुआत 18 अगस्त से हो रही है. यह टूर्नामेंट 2 सितंबर तक खेला जाएगा। एशियन गेम्स का यह 18वां संस्करण है। बता दें कि इससे पहले भी 1962 में इंडोनेशिया ने एशियन गेम्स की मेजबानी की थी। एशियन गेम्स में अब तक सबसे ज्यादा बार चीन ने 1342 गोल्ड, 900 सिल्वर और 653 ब्रॉन्ज समेत कुल 1895 मेडल जीते हैं।