Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

ऑस्ट्रेयाई ओपन से नडाल बाहर

ऑस्ट्रेलियाई ओपन में पिछली बार के विजेता रफ़ाएल नडाल घुटने की चोट के कारण क्वार्टर फ़ाइनल मैच पूरा नहीं कर पाए.

उनके हटने के बाद ब्रिटेन के एंडी मरे सेमीफ़ाइनल में पहुँच गए हैं.

प्रतियोगिता में दूसरी वरीयता प्राप्त स्पेन के नडाल और पाँचवीं वरीयता प्राप्त एंडी मरे के मैच को काँटे का मैच माना जा रहा था मगर नडाल घुटने के दर्द से परेशान थे.

नडाल ने दूसरा सेट हारने के बाद कोर्ट में ही ट्रेनर से अपने दाएँ घुटने का इलाज करवाया मगर तीसरे सेट में उनका हौसला पस्त हो गया.

मरे मैच में 6-3, 7-6, 3-0 से आगे चल रहे थे जब नडाल ने आगे नहीं खेलने का फ़ैसला किया और नेट पर जाकर मरे से हाथ मिला लिया.

घुटने के दर्द के कारण नडाल पिछले साल अपने विंबलडन ख़िताब की रक्षा भी नहीं कर सके थे.

सेमीफ़ाइनल

सेमीफ़ाइनल में एंडी मरे का मुक़ाबला क्रोएशिया के मारीन चिलिच से होगा.

14वीं वरीयता प्राप्त चिलिच ने पहले क्वार्टर फ़ाइनल में सातवीं वरीयता प्राप्त अमरीकी खिलाड़ी एंडी रॉडिक को 7-6, 6-3, 3-6, 2-6 और 6-3 से हराया.

दूसरा सेमीफ़ाइनल बुधवार को तय होगा जब अगले दोनों क्वार्टर फ़ाइनल मैच खेले जाएँगे.

एक मैच में पहले नंबर के स्विट्ज़रलैंड के खिलाड़ी रोजर फ़ेडरर का मुक़ाबला छठे नंबर के रूसी खिलाड़ी निकोले डाविडेंको से होगा.

एक और क्वार्टर फ़ाइनल 2008 के विजेता तीसरे नंबर के सर्बिया के खिलाड़ी नोवाक डोकोविच और फ़्रांस के दसवें नंबर के खिलाड़ी जो विल्फ़्राइड सोंगा के बीच होगा.

महिलाएँ

ऑस्ट्रेलियाई ओपन के महिला वर्ग में बेल्जियम की जस्टिन हेना और चीन की ज़ेंग जी सेमीफ़ाइनल में पहुँच गई हैं.

अगले क्वार्टर फ़ाइनल मैचों में एक में पिछले बार की विजेता, पहले नंबर की अमरीकी खिलाड़ी सरीना विलियम्स और बेलारूस की विक्टोरिया अज़ारेंका का मुक़ाबला होगा और दूसरे मैच में छठे नंबर की वीनस विलियम्स की टक्कर चीन की 16वें नंबर की खिलाड़ा ना ली से होगी.

सात बार की ग्रैंड स्लैम विजेता रहीं जस्टिन हेना ने रिटायरमेंट ले ली थी और पिछले 20 महीनों से वे कोर्ट से बाहर थीं.

इस बार बिना किसी वरीयता के वाइल्ड कार्ड एंट्री लेकर खेलने आईं हेना ने क्वार्टर फ़ाइनल में रूस की 19वें नंबर की खिलाड़ी नादिया पेत्रोवा को मात दी.

दूसरे मैच में चीन की ग़ैर वरियता प्राप्त जी ज़ेंग ने ग़ैर वरियता प्राप्त रूस की मारिया किरिलेंको को हराया.

महिला वर्ग में जस्टिन हेना ने दो ग्रैंड स्लैम विजेताओं को प्रतियोगिता से बाहर किया.

उन्होंने तीसरे दौर में अमरीकी ओपन चैंपियन किम क्लाइस्टर्स और चौथे दौर में फ़्रेंच ओपन विजेता स्वेतलाना क़ुज़्नेत्सोवा को हराया.

मारिया किरिलेंको ने भी पहले दौर में 2008 की विजेता मारिया शरापोवा और चौथे दौर में पिछली बार की रनर अप दिनारा सफ़ीना को हराया.

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:30 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+