'उन लोगों में सामने आने की हिम्मत नहीं', शमी को ट्रोल करने वालों को कोहली ने दिया जवाब
दुबई: भारतीय टीम को जब पाकिस्तान के हाथों 24 अक्तूबर को 10 विकेट से हार मिली तो सोशल मीडिया पर मोहम्मद शमी को निशाना बनाया गया। कई लोगों ने भारत की हार का जिम्मेदार शमी को ठहराया। शमी अच्छी गेंदबाजी करने में असफल रहे थे, जिस कारण कईयों ने सोशल मीडिया पर कमेंट्स करते हुए उन्हें खरी-खोटी सुनाई। शमी को गद्दार भी कहा गया, हालांकि कई पूर्व भारतीय क्रिकेटरों ने शमी का साथ दिया। अब न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले मैच से पहले भारतीय कप्तान विराट कोहली ने भी अपने तेज गेंदबाज शमी का साथ दिया और कहा कि जो सोशल मीडिया पर मजाक उड़ाते हैं, उनमें सामने आने की हिम्मत नहीं है।
यह भी पढ़ें- IND vs NZ : भारत के सामने हैं 3 चुनाैतियां, हर हाल में न्यूजीलैंड को हराना होगा

ट्रोल करने वालों को कोहली ने दिया जवाब
भारत का 31 अक्तूबर को न्यूजीलैंड से मैच होगा। इस मैच से पहले कोहली ने मीडिया से बात करते हुए शमी से जुड़े विवाद को लेकर राय दी। कोहली ने कहा, ''वो कमजोर लोग हैं जो सोशल मीडिया पर ऐसा लिखते हैं। ऐसे लोगों में आमने सामने बात करने की हिम्मत नहीं है। घटिया लोगों की गैंग के लिए सोशल मीडिया पर किसी का मजाक उड़ाना एक मनोरंजन का साधन जैसा बन गया जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है। वे अपनी पहचान नहीं बताते हैं। छिपकर किसी को निशाना बनाते हैं। उनमें किसी के सामने आने की उनकी हिम्मत नहीं है और ये ऐसे लोग किसी के भी पीछे पड़ जाते हैं। सोशल मीडिया के जरिए किसी का मजाक बनाना बहुत बुरी बात है।''

इससे ज्यादा निराशाजनक कुछ भी नहीं
शमी को धर्म को लेकर भी निशाना बनाया गया। इसपर कोहली ने आगे कहा, ''यह इंसानियत नहीं है। यह सबसे घटिया है, आप किसी को धर्म के आधार पर घेर नहीं सकते। इससे ज्यादा निराशाजनक कुछ नहीं हो सकता। लोग इंसानी काबिलियत का ऐसे घटिया काम में इस्तेमाल कर रहे हैं। मजाक बनाने वालों को मैं इसी तरीके से देखता हूं। व्यक्तिगत तौर एक खिलाड़ी के रूप में हम जानते, समझते हैं कि हमें मैदान पर क्या करना है, क्या नहीं। हमारे अंदर उसके लिए काबीलियत और मानसिक मजबूती है। जो मजाक उड़ाते हैं उनके अंदर ना तो कोई काबीलियत है और ना ही हिम्मत। वो हमारे जैसा करने के बारे में सोच भी नहीं सकते हैं।''

पक्षपात के बारे में कभी नहीं सोचा
कोहली ने आगे कहा, ''हमने कभी धर्म के आधार पर पक्षपात के बारे में नहीं सोचा। धर्म एक बहुत ही पवित्र चीज है। धर्म को बीच में लेकर हमारे भाइचारे और दोस्ती को खत्म नहीं जा सकता और इन चीजों से फर्क नहीं पड़ता। जो लोग हमें अच्छी तरह से समझते हैं, मैं उन्हें श्रेय देता हूं।'' गाैर हो कि शमी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर सैकड़ों कमेंट्स थे जिनमें लिखा गया था कि वह गद्दार है। मामला बढ़ा तो उनके प्रशंसकों और हर क्षेत्र की जानी मानी हस्तियों ने हालांकि उनका समर्थन किया। यहां तक कि वीरेंद्र सहवाग ने भी ट्रोल करने वालों को कड़ी नसीहत दी थी। शमी ने 3.5 ओवर में सबसे ज्यादा 43 रन दिए थे, जिस कारण उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जाए लगा था।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
