फिर हेलमेट पर लगी गेंद से मची खलबली, घबराए शेन वाटसन
मेलबर्न। एक घातक बाउंसर के चलते हुई फिलिप ह्यूज की मृत्यु के बाद से विश्व क्रिकेट में बाउंसर गेंदों का खौफ साफ नजर आने लगा है। आस्ट्रेलिया के चयनकर्ता मार्क वॉ ने बताया है कि अभ्यास सत्र के दौरान हेलमेट पर लगी बाउंसर गेंद के बाद हरफनमौला खिलाड़ी शेन वाटसन के स्वास्थ्य की बुधवार को जांच की जाएगी। भारत और आस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट शुक्रवार से शुरू होना है। क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) की वेबसाइट के अनुसार वाटसन को युवा तेज गेंदबाज जेम्स पैटिंसन की गेंद पर चोट लगी। इसके बाद वाटसन असहज दिखे और टीम चिकित्सक पीटर ब्रुकनेर के साथ अभ्यास सत्र खत्म होने से पहले ही मैदान से बाहर चले गए।
इसके बाद उप कप्तान ब्रैड हैडिन ने कहा कि वाटसन इस चोट के बाद थोड़े विचलित जरूर दिखे, लेकिन सब ठीक है। बाद में हालांकि वॉ ने बताया कि 26 दिसंबर से शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट से पहले उनकी फिटनेस की जांच की जाएगी।
वॉ ने मंगलवार रात केएफसी टी-20 बिग बैश लीग (बीबीएल) के एक मैच की कमेंट्री करते हुए कहा, "वाटसन अभ्यास सत्र की अपनी आखिरी गेंद खेल रहे थे और तभी उनकी कनपटी के नजदीक यह चोट लगी।" वॉ के अनुसार वाटसन की जांच के नतीजों का इंतजार किया जाएगा। इसके बाद ही उन्हें अंतिम एकादश में शामिल किए जाने पर आखिरी फैसला लिया जाएगा।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
