नई दिल्ली। स्टार भारतीय पहलवान बजरंग पूनिया भारतीय पहलवानी का नया पर्याय बनकर उभरते जा रहे हैं। पहलवानों की नई विश्व रैंकिग में बजरंग पुनिया ने नंबर एक स्थान हासिल करके देश का नाम रोशन कर दिया है। उन्होंने 65 किग्रा वर्ग में शीर्ष स्थान हासिल किया।
इस सत्र में 5 पदक जीतने वाले 24 साल के बजरंग युनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग की सूची में 96 अंक के साथ रैंकिंग तालिका में शीर्ष पर चल रहे हैं। क्यूबा के एलेक्जांद्रो एनरिक वाल्देस टॉबियर 66 अंकों के साथ रैंकिंग में दूसरे पहलवान हैं। वहीं, 62 अंकों के साथ रूस के पहलवान अहमद चाकेव तीसरे नंबर पर हैं।
इस साल उन्होंने कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने के अलावा वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल हासिल किया था। बजरंग देश के एकमात्र पुरुष पहलवान हैं जिन्हें रैंकिंग में शीर्ष 10 में जगह मिली है जबकि भारत की 5 महिला पहलवान अपने-अपने वर्ग में टॉप-10 में जगह बनाने में सफल रही हैं। बजरंग के इस प्रदर्शन के साथ देश को उनसे उम्मीदें भी काफी बढ़ गई हैं।
वर्ल्ड रैंकिंग में भारत की 5 महिला पहलवान टॉप-10 में जगह बनाने में कामयाब रही हैं। विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2018 में 57 किग्रा में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली पूजा ढांडा छठे नंबर पर हैं। वहीं, 50 किग्रा में रितु फोगाट को 10वां स्थान हासिल हुआ। 59 किग्रा में सरिता सातवें स्थान पर हैं 68 किग्रा में नवजोत कौर और 76 किग्रा में किरन को नौवां स्थान मिला। 65 किग्रा वर्ग में रितु एक स्थान के चलते टॉप-10 से बाहर हो गई। वे 32 रेटिंग प्वाइंट के साथ 11वें नंबर पर हैं।