बंगलौर ने दोबारा हराया दिल्ली को
जैक्स कैलिस के नाबाद 58 और राहुल द्रविड़ के 38 रनों की बदौलत बंगलौर की टीम ने दिल्ली डेयरडेविल्स के 134 के स्कोर को पार कर लिया.
दिल्ली की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर है और पहले ही सेमी फ़ाइनल में पहुंच चुकी है लेकिन बंगलौर के लिए इस मैच में जीतना ज़रुरी था.
दिल्ली की टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 134 रन बनाए.
एक बार फिर दिल्ली की टीम की शुरुआत ख़राब रही और सहवाग शून्य के स्कोर पर आउट हुए. गंभीर ने 27 रन बनाए.
हालांकि इसके बाद एवी डिविलियर्स और कार्तिक ने पारी को संभाला और दोनों बल्लेबाज़ों ने कुछ अच्छे स्ट्रोक्स लगाए.
डिविलियर्स ने 28 रन बनाए जबकि कार्तिक ने 31 रनों का योगदान किया. दिल्ली की टीम ने सात विकेट पर 134 रन बनाए और बंगलौर के समक्ष जीत के लिए 135 रनों का लक्ष्य रखा.
इसके जवाब में बंगलौर की शुरुआत भी ख़राब ही रही और उथप्पा मात्र एक रन बनाकर आउट हो गए.
इसके बाद कैलिस और राहुल द्रविड़ ने दूसरे विकेट की साझेदारी में 70 रन जोड़े और जीत की नींव रख दी.
राहुल द्रविड़ ने 34 गेंदौं में चार चौकों की मदद से 38 रन बनाए जबकि कैलिस अंत तक 58 के निजी स्कोर पर नाबाद रहे.
कैलिस ने 58 रन बनाए 56 गेंदों में जिसमें दो चौके और दो छक्के शामिल थे.
बंगलौर की ओर से रॉस टेलर ने 25 रनों का योगदान दिया और तीन विकेट खोकर बंगलौर की टीम ने जीत के लिए आवश्यक 135 रन बना लिए.
इस जीत के साथ बंगलौर की टीम की सेमी फाइनल में पहुंचने की संभावनाएं बची रहीं. अब उन्हें अपना अगला और आखिरी लीग मैच जीतना होगा.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
