UAE में IPL करवाने से पहले सामने आई ये चुनाैती, बड़े अधिकारी ने दिया बयान
नई दिल्ली। आईसीसी ने सोमवार को टी 20 विश्व कप को स्थगित करने की घोषणा की, जो इस साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाला था। इसी के साथ अब इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) के होने की उम्मीद बढ़ गई है। टूर्नामेंट का तेरहवां संस्करण इस साल 29 मार्च से शुरू होने जा रहा था। हालांकि, COVID-19 महामारी के बीच, भारतीय बोर्ड को लीग को स्थगित करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था। लेकिन खबरों के मुताबिक, बीसीसीआई अब यूएई में आईपीएल करवाने का विचार कर रहा है, जो सितंबर के आखिरी सप्ताह से शुरू हो सकता है। लेकिन इससे पहले एक चुनाैती सामने आई है।

अगले 10 दिन में आएगा फैसला
दरअसल, अब बीसीसीआई को सरकार से मंजूरी लेनी होगी कि वो आईपीएल यूएई में करवा सके। सरकार से मंजूरी मांगने के बाद, भारतीय बोर्ड आईपीएल को यूएई में स्थानांतरित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष बृजेश पटेल ने इंडिया टुडे को बताया, "उम्मीद है कि अगले कुछ हफ्तों में (BCCI) UAE में होने वाले टूर्नामेंट (IPL) के लिए सरकार से मंजूरी मिलेगी।"

फैंस कर रहे हैं बेसब्री से इंतजार
उन्होंने कहा, ''यूएई सरकार ने हमें अपने देश में आईपीएल की मेजबानी करने की पेशकश की और हम वहां की सुविधाओं और स्थिति से बहुत अवगत हैं। आईपीएल (पहला चरण) 2014 में वहां (यूएई) खेला गया था, इसलिए हम जानते हैं कि हम क्या देख रहे हैं।'' आईपीएल गवर्निंग काउंसिल से एक सप्ताह के भीतर बैठक करने और बहुप्रतीक्षित लीग के मंचन के संबंध में आगे की कार्रवाई को औपचारिक रूप देने की उम्मीद है। फैंस के साथ-साथ खिलाड़ी भी इस टूर्नामेंट के जल्द से जल्द खुलने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

इसके लिए होगी बैठक
बीसीसीआई के एक अन्य अधिकारी ने कहा, "एक हफ्ते के भीतर आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक होगी, जहां अगले कार्ययोजना पर चर्चा होनी है।" बीसीसीआई एपेक्स काउंसिल ने पिछले सप्ताह एक बैठक की मेजबानी की थी और यह तय किया गया था कि अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए एक शिविर का आयोजन किया जाएगा। बीसीसीआई के साथ अनुबंधित खिलाड़ियों को वापस प्रशिक्षण का हिस्सा बनने की उम्मीद है। खबरों के अनुसार, अगर सब कुछ ठीक रहा, तो आईपीएल 26 सितंबर से शुरू होने की उम्मीद है और 7 या 8 नवंबर तक जारी रहेगी, जिसमें 60 मैच इस विंडो के बीच खेले जाएंगे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
