वहीँ इंग्लिश प्रीमियर लीग जीतने वाली मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए ये हार एक बड़ा झटका है. 2009 के चैम्पियंस लीग फ़ाइनल मुक़ाबले में बार्सिलोना ने उन्हें 2-0 से हराया था. शनिवार रात खेले गए इस फ़ाइनल मैच में बार्सिलोना की तरफ़ से पेड्रो, लियोन मेसी और डेविड विया ने गोल दागे.
;जबकि मैनचेस्टर यूनाइटेड की तरफ़ से एकमात्र गोल इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ी वेन रूनी ने किया. 90,000 दर्शकों की क्षमता वाले वेम्बली स्टेडियम में बार्सिलोना की टीम ने शुरुआत से ही मैच पर अपनी पकड़ बना ली थी. हालांकि पहले हाफ़ की शुरुआत में पेड्रो के गोल के बाद रूनी ने बराबरी कर अपनी टीम में वापस एक नयी जान फूँक दी.
;फ़ाइनल में हार के बाद रूनी बेहद हताश थे. मैच के दूसरे हाफ़ के खेल में बार्सिलोना के खिलाड़ियों ने बेहतरीन फुटबॉल का प्रदर्शन किया. वर्ल्ड प्लयेर ऑफ द इयर का ख़िताब जीतने वाले बार्सिलोना के फॉरवर्ड लियोन मेसी ने दूसरा हाफ़ शुरू होते ही मैनचेस्टर के गोल पर चढ़ाई सी शुरू कर दी.
;मेसी ने दूसरे हाफ़ में गोल दागते हुए अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई. मैनचेस्टर यूनाइटेड के अनुभवी डच गोलकीपर एडविन वान डेर सार को चकमा देने के बाद मेसी ने अपनी टीम के तीसरे गोल में भी योगदान दिया. बार्सिलोना के नामचीन फॉरवर्ड डेविड विया के लिए जगह बनाते हुए मेसी ने उन्हें पास दिया जिसे विया ने सीधे गोल में दाग दिया.
;3-1 की बढ़त मिलने के बाद बार्सिलोना की टीम ने मैच में पीछे मुड कर नहीं देखा. मैनचेस्टर यूनाइटेड के हाफ़ में बार्सिलोना के खिलाड़ी मंडराते रहे और रूनी और रिओ फर्डिनैंड जैसे खिलाड़ियों की एक भी नहीं चली. मैच के अंतिम दौर में मैनचेस्टर यूनाइटेड ने कुछ असफल प्रयास किए लेकिन बार्सिलोना की 3-1 की बढ़त के पास नहीं पहुँच सके. लियोन मेसी को बेहतरीन खेल के लिए मैं ऑफ द मैच पुरस्कार दिया गया.