IPL 2020 : तेज रफ़्तार से दौड़ रही दिल्ली कैपिटल्स रेस में अब स्लो क्यों लग रही है?
IPL 2020 की जंग अब ऐसे मोड़ पर है जहां से हर एक टीम को उसकी एक छोटी सी गलती की भी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। आरसीबी को हराकर मुंबई इंडियंस ने प्लेऑफ की चार जगहों में से एक पर लगभग कब्ज़ा कर लिया है। और अब बचे तीन जगहों के लिए हर मुकाबला अहम हो गया है। सिर्फ मुकाबले ही नहीं, नेट रन-रेट के तिलिस्म ने जीत-हार के बाद बनने वाले समीकरणों को और भी दिलचस्प कर दिया है- जैसे कि केकेआर को लें तो एक समय टॉप चार में रही ये टीम रन-रेट के मामले में फंसती दिखती है। केकेआर को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उसे बाकि बचे दोनों मैच जीतने होंगे। अगर संभावनाओं की बात करें तो वे टीमें जिनके 16 अंक हो सकते हैं उनमें केकेआर का नेट रन-रेट सबसे ज्यादा नेगेटिव है। इस हल में समीकरण पर जाएं तो KKR को अपने बचे दोनों ही मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे या फिर उसे दुसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा। यहीं नेट रन-रेट का तिलिस्म टीमों के भाग्य का फैसला करेगी।
इस आईपीएल 2020 में दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार प्रदर्शन किया है, खासकर के शुरूआती मैचों में यह टीम अलग ही तेवर में दिखी है। जो टीम फिसड्डी हुआ करती थी वह इस नए सीजन के लगभग आधे सफर में अंक तालिका में टॉप पर रही है। हालांकि वह अभी तीसरे स्थान पर है लेकिन यह भी सच है कि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ करारी हार के बाद यह टीम थोड़ी सी मुश्किल में लग रही है क्योंकि यहां भी मामला आगे के मैचों से होते हुए नेट रन-रेट पर अटकेगा क्योंकि आरसीबी के भी दिल्ली कैपिटल्स की तरह ही अभीतक 12 मैचों से 14 अंक हैं और वह नेट रन-रेट के आधार पर फ़िलहाल दिल्ली कैपिटल्स के ऊपर नंबर दो के स्थान पर काबिज है।
DC के साथ दिक्कत यह है की उसे आखिरी दो मैच अब दो टॉप टीमें मुंबई इंडियंस और आरसीबी से खेलने हैं और DC के कुछ महत्वपूर्ण खिलाड़ी जैसे अमित मिश्रा, इशांत शर्मा टीम से बाहर हो चुके हैं और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी सही समय पर क्लीक नहीं कर पा रहे हैं। अंजिक्य रहाणे और पृथ्वी शॉ का प्रदर्शन भी वैसा नहीं रहा है जैसा की उनसे उम्मीद थी। पृथ्वी शॉ रनों के लिए जूझते नजर आ रहे हैं। ऐसा लगता है कि रन बनाने का सारा दारोमदार शिखर धवन और श्रेयस अय्यर ने ले रखा है। लेकिन इन दोनों के फ्लॉप होने पर टीम की नैया बीच में फंस जा रही है। यही दिल्ली कैपिटल्स की कमजोर कड़ी है जो की तेज रफ़्तार के बाद स्लो हुई दिख रही है। लेकिन अब एक भी गलती का बड़ा ख़ामियाजा हर एक टीम को भुगतना होगा। दिल्ली के अबतक के शानदार सफर को देखते हुए आरसीबी जरूर सतर्क होगी क्योकिं दिल्ली की यह नई युवा टीम पलटवार करने के सक्षम दिख रही है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications

