लगता है कि चौथी बार विश्व कप फ़ुटबॉल में खेलने का इंग्लैंड के पूर्व कप्तान डेविड बेकम का सपना टूट गया है. रविवार को इटली के क्लब एसी मिलान की ओर से खेलते हुए बेकम की ऐड़ी में काफ़ी चोट आई है. इस घटना के बाद उनके विश्व कप में खेलने की संभावना काफ़ी कम है.
इंग्लैंड के लिए 100 से ज़्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले डेविड बेकम को उम्मीद थी कि जून में दक्षिण अफ़्रीका में होने वाले विश्व कप फ़ुटबॉल के लिए उन्हें टीम में जगह ज़रूर मिलेगी. अगर डेविड बेकम विश्व कप में खेलते तो ऐसा पहली बार होता कि इंग्लैंड का कोई खिलाड़ी चौथी बार विश्व कप में खेलता.
लेकिन ऐड़ी में चोट के बाद अब वे फ़िनलैंड जाएँगे, जहाँ उनका ऑपरेशन होगा. लॉस एंजेलेस की टीम एलके गैलेक्सी की ओर से खेलने वाले डेविड बेकम दूसरी बार लोन पर एसी मिलान की ओर से खेल रहे थे.
कंसल्टेंट स्पोर्ट्स फ़िजिशियन डॉक्टर टॉम क्रिस्प ने बीबीसी रेडियो फ़ाइव लाइव से बातचीत में कहा, "इसकी संभावना काफ़ी कम है कि वे तीन महीने में दौड़ने लगेंगे. विश्व कप में उनके खेलने की संभावना न के बराबर है." एसी मिलान के उपाध्यक्ष एड्रियानो गैलियानी ने कहा है कि डेविड बेकम शायद पाँच से छह महीने तक न खेल पाएँ.