CSK vs KKR : चेन्नई पड़ सकती है केकेआर पर भारी, ऐसी हो सकती है प्लेइंग इलेवन
नई दिल्ली। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबू धाबी में शेख जायद स्टेडियम में 2020 के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 21वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से भिड़ेगी। चेन्नई तीन बार चैंपियन रह चुकी है, लेकिन इस सीजन में यह टीम 5 मैचों में 3 हार चुकी है। वहीं केकेआर 4 मैचों में 2 हार चुकी है। मुकाबला रोमांचक रहने वाला है क्योंकि टीमें जीत के लिए पूरा जोर लगाएंगी ताकि अंक तालिका में सुधार किया जा सके।
हालांकि चेन्नई का पलड़ा भारी लग रहा है क्योंकि दोनों टीमों ने अब तक 20 बार एक-दूसरे का सामना किया है, जिसमें सीएसके ने 13 जीते हैं तो केकेआर 7 ही जीत सकी है। चेन्नई ने पिछले संस्करण में दोनों ही मुकाबलों में नाइट राइडर्स को हराया था और दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर इमरान ताहिर ने दो मैचों में स्टैंडआउट प्रदर्शन (2/21 और 4/27) किया था।
यह मैच कप्तान दिनेश कार्तिक के लिए भी अहम रहने वाला है। उनके कंधों पर केकेआर को आगे ले जाने की जिम्मेदारी है, लेकिन जैसा प्रदर्शन दिख रहा है उसे देख अनुमान लगाया जा सकता है कि कप्तानी आगामी मैचों में इयोन मोर्गन को जा सकती है। कार्तिक बल्ले से भी कुछ खास नहीं कर पाए हैं। वहीं उनके ओपनर सुनील नारायण भी फेल साबित हो रहे हैं। उनके लिए रन बनाना जरूरी रहेगा अन्यथा आगामी मैचों में टीम में बदलाव देखना तय है।
पिच और मौसम के बारे में जानकारी
अबू धाबी में मैच के दौरान आसमान साफ रहेगा। तापमान 28 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। पिच बल्लेबाजी के लिए उपयोगी होगी। पिच की धीमी गति स्पिनरों को काफी मदद करेगी। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी को प्राथमिकता देगी। पिछले 45 टी 20 मैचों में पहले गेंदबाजी करने वाली टीम की जीत की दर 56.81% है।
इस मैदान पर खेले गए कुल टी 20 मैच: 44
पहले बल्लेबाजी की जीत की संख्या: 19
पहले गेंदबाजी की जीत की संख्या: 25
पहली पारी में औसत: 137
दूसरी पारी में औसत स्कोर: 128
वहीं चेन्नई को फिर से फाफ डु प्लेसिस पर आस होगी जो अभी तक सवार्धिक रनों के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। डु प्लेसिस अब तक 5 मैचों में 150.00 की स्ट्राइक रेट से 282 रन बना चुके हैं। इसके अलावा चेन्नई के लिए अच्छी खबर यह भी है कि उनके ओपनर शेन वाॅटसन फाॅर्म में लाैट चुके हैं जिन्होंने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ हुए आखिरी मैच में 53 गेंद में नाबाद 83 रन बनाए। वॉटसन और फाफ डु प्लेसिस ने इस मैच में 181 रन की साझेदारी की आैर चेन्नई ने दस विकेट से जीत दर्ज की।
ऐसी हो सकती है प्लेइंग इलेवन
चेन्नई सुपर किंग्स : शेन वॉटसन, फाफ डु प्लेसिस, सैम करन, अंबाती रायुडू, महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), केदार जाधव, ड्वेन ब्रावो, रवींद्र जडेजा, पीयूष चावला, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर।
कोलकाता नाईट राइडर्स : शुभमन गिल, सुनील नारायण, नितीश राणा, दिनेश कार्तिक (कप्तान-विकेटकीपर), इयोन मोर्गन, आंद्रे रसेल, राहुल त्रिपाठी, पैट कमिंस, कमलेश नागरकोटी, शिवम मावी, वरुण चक्रवर्ती।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
