Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

सिर शर्म से झुक गया है: गिलानी

पाकिस्तान के कुछ क्रिकेट खिलाड़ियों पर सट्टेबाज़ी में शामिल होने का आरोप लगने के बाद प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी ने कहा है कि इससे 'सिर शर्म से झुक गया है'.

प्रधानमंत्री ने कहा है कि उन्होंने खेल मंत्रालय को इस मामले की जाँच करने के आदेश दिए हैं.

इस बीच ब्रिटेन की पुलिस ने रविवार को लॉर्ड्स में समाप्त हुए पाकिस्तान-इंग्लैंड टेस्ट मैच में कथित सट्टेबाज़ी के आरोपों की जाँच शुरु की है.

पुलिस का कहना है कि शक के आधार पर एक 35 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया है.

एक ब्रितानी अख़बार 'न्यूज़ ऑफ़ द वर्ल्ड' ने दावा किया है कि गुप्त तौर पर जाँच कर रहे उसके एक रिपोर्टर ने एक दलाल को एक लाख 30 हज़ार डॉलर दिए.

दलाल ने वादा किया कि निश्चित समय पर टेस्ट मैच में 'नो बॉल' फ़ेंकी जाएँगी. ऐसी तीन 'नो बॉल' फेंकी गईं.

लॉर्ड्स टेस्ट में गुरुवार और शुक्रवार को मोहम्मद आमिर और मोहम्मद आसिफ़ ने तीन 'नो-बॉल' फेंकीं थीं. अब यही तीन 'नो बॉल' शक के घेरे में हैं.

इस टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने पाकिस्तान पर 225 रनों की जीत दर्ज की है.

पाकिस्तानी टीम के मैनेजर यावर सईद ने कहा है कि उन्हें स्कॉटलैंड यार्ड के जाँचकर्ताओं ने बताया है कि कई खिलाड़ियों के बारे में जाँच की जा रही है.

पाकिस्तानी टीम के मैनेजर यावर सईद ने समाचार एजेंसी एपी को बताया, "मैं इस बात की पुष्टि कर सकता हूँ कि मुझे आरोपों का पता है. स्कॉटलैंड यार्ड की पुलिस हमारे साथ होटल में है और हम जाँच में उसकी मदद कर रहे हैं."

उनका कहना था कि वो और उनकी टीम के सदस्य भी इन आरोपों से हैरान हैं.

उधर इंग्लैंड की टीम और इंग्लैंड-वेल्स क्रिकेट बोर्ड के प्रवक्ता का कहना था कि उनसे स्कॉटलैंड यार्ड ने संपर्क नहीं किया है और वे इन आरोपों के बारे में बात नहीं करेंगे.

दूसरी ओर न्यूज़ ऑफ़ द वर्ल्ड ने कहा है कि उसके रिपोर्टरों ने अपने आप को पूर्वी देशों से आए व्यवसायी बताया और उन्होंने जिस दलाल को पैसे दिए उसने स्पष्ट तौर पर बताया कि अगले दिन मैच में क्या होने जा रहा है.

बीबीसी संवाददाता एंडी स्विस के अनुसार, "जो आरोप लगाए गए हैं वो मैच के दौरान बहुत ही छोटी-छोटी घटनाओं के बारे में हैं जो बहुत से आम लोगों को बेकार लग सकती हैं. ये जानकारी बेटिंग की दुनिया में ख़ासे पैसों की हो सकती है क्योंकि वहाँ आप क्रिकेट के मैच की बहुत छोटी बातों पर शर्तें लगाते हैं."

उनका कहना था कि इससे क्रिकेट की साख पर असर पड़ सकता है क्योंकि क्रिकेट को जेंटलमैन्स गेम कहा जाता है. उनके अनुसार ये क्रिकेट के लिए मुश्किल स्थिति है और जब मैच दोबारा शुरु होता है तो पाकिस्तानी खिलाड़ियों को कुछ मुश्किल सवालों के जवाब देने पड़ सकते हैं.

उधर इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच लॉर्ड्स में जीत इंग्लैंड के हाथ लगी है. रविवार को सट्टेबाज़ी के साये में लॉर्ड्स टेस्ट के चौथे दिन का खेल शुरु हुआ लेकिन पाकिस्तान की बल्लेबाज़ी ग्रैम स्वैन की स्पिन के सामने टिक नहीं पाई.

इस टेस्ट में इंग्लैंड ने पहली पारी में 446 रन बनाए थे. पाकिस्तान ने पहली पारी में 74 और दूसरी पारी में 147 रन बनाए. और इस तरह पाकिस्तान टेस्ट मैच एक पारी और 225 रनों से हार गया.

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:43 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+