क्रिकेट 'सट्टेबाज़ी' में गिरफ़्तार शख्स रिहा

By Staff
स्कॉटलैंड यार्ड का कहना है कि पाकिस्तान-इंग्लैंड टेस्ट मैच में कथित सट्टेबाज़ी के आरोपों में गिरफ़्तार किए गए मज़हर मजीद को बिना किसी आरोपों के रिहा कर दिया गया है.पैंतीस वर्षीय मज़हर मजीद को शनिवार को सट्टेबाज़ी के संदेह में गिरफ़्तार किया गया था.

एक ब्रितानी अख़बार 'न्यूज़ ऑफ़ द वर्ल्ड' ने दावा किया था कि गुप्त तौर पर जाँच कर रहे उनके एक रिपोर्टर ने पाकिस्तान के गेंदबाज़ कैसी गेंदें फेकेंगे इसके लिए एक लाख 30 हज़ार डॉलर दिए थे.'सट्टेबाज़' ने वादा किया था कि निश्चित समय पर पाकिस्तान-इंग्लैंड टेस्ट मैच में 'नो बॉल' फेंकी जाएँगी. ऐसी तीन 'नो बॉल' फेंकी गईं.

लॉर्ड्स टेस्ट में गुरुवार और शुक्रवार को मोहम्मद आमिर और मोहम्मद आसिफ़ ने तीन 'नो-बॉल' फेंकीं थीं. अब यही तीन 'नो बॉल' शक के घेरे में हैं.इस टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को एक पारी और 225 रनों से हरा दिया और सिरीज़ 3-1 से जीत ली.इस बीच पुलिस ने इस कथित सट्टेबाज़ी में शामिल तीन पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर से पूछताछ की है.साथ ही जाँच अधिकारी मोहम्मद आमिर, मोहम्मद आसिफ़ और पाकिस्तान के कप्तान सलमान बट्ट के मोबाइल फ़ोन ले गए हैं.

'सिर शर्म से झुका'

पाकिस्तान के कुछ क्रिकेट खिलाड़ियों पर सट्टेबाज़ी में शामिल होने का आरोप लगने के बाद प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी ने कहा कि इससे 'देश का सिर शर्म से झुक गया है'.प्रधानमंत्री ने कहा है कि उन्होंने खेल मंत्रालय को इस मामले की जाँच करने के आदेश दिए हैं.गिलानी ने कहा पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर सट्टेबाज़ी के जो आरोप लगे हैं, उससे उन्हें सदमा लगा है और पीड़ा पहुँची है.उन्होंने कहा, " इससे हमारा सिर शर्म से झुक गया है."

उधर खेल मंत्री इजाज़ जख़रानी ने कहा है कि यदि कोई खिलाड़ी दोषी पाया जाता है तो उस पर आजीवन प्रतिबंध लगाया जा सकता है.उन्होंने कहा, "हम कड़ी कार्रवाई करेंगे लेकिन पहले हम ब्रितानी पुलिस की जाँच रिपोर्ट की प्रतीक्षा करेंगे, यदि इस रिपोर्ट में किसी को दोषी पाया जाता है तो हम ऐसी सज़ा देंगे जिससे दूसरे सबक सीख सकें."

उनका कहना है, "यदि यह साबित होता है कि कुछ ग़लत हुआ तो इसमें शामिल खिलाड़ियों को यह भूल जाना चाहिए कि वे पाकिस्तान के लिए कभी खेल सकेंगे."

ये सिर्फ़ आरोप हैं'

पाकिस्तानी टीम के मैनेजर यावर सईद ने ये तो माना कि आरोप काफ़ी गंभीर हैं, लेकिन उन्होंने साथ ही ये भी कहा कि साबित नहीं होने तक ये सिर्फ़ आरोप हैं.कप्तान सलमान बट्ट से इस बारे में जब सवाल किया गया तो उनका भी यही कहना था, " ये सिर्फ़ आरोप हैं. ऐसे तो कोई भी खड़े होकर किसी के बारे में कुछ भी कह सकता है."सलमान बट्ट ने ये भी कहा कि जिन खिलाड़ियों का नाम लिया जा रहा है उनसे भी इस बारे में उनकी कोई बात नहीं हुई है.

पाकिस्तानी टीम के मैनेजर यावर सईद ने इस बात की भी पुष्टि की कि स्कॉटलैंड यार्ड के जाँचकर्ताओं ने उन्हें मिला कर चार लोगों से इन आरोपों के सिलसिले में बात की है और संबंधित बताए गए खिलाड़ियों के कमरों की तलाशी भी ली है.उन्होंने बताया कि पुलिस ने कप्तान सलमान बट्ट और दो गेंदबाज़ों मोहम्म्द आमिर औऱ मोहम्म्द आसिफ के मोबाइल फ़ोन भी अपने क़ब्ज़े में ले लिए हैं.

लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) इंग्लैंड और वेल्श क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) और पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने एक संयुक्त बयान जारी करके स्पष्ट किया कि किसी भी खिलाड़ी या टीम के अधिकारी को गिरफ़्तार नहीं किया गया है.

'जीत की चमक छिन गई'

एक पारी और 225 रनों से टेस्ट मैच और 3-1 से सिरीज़ पर कब्ज़ा करने वाली इंग्लैंड की टीम के कप्तान एंड्र्यू स्ट्रॉस ने कहा है कि इन आरोपों ने उनकी टीम की जीत का चमक छीन ली.उन्होंने कहा, "ये बहुत निराशाजनक है. क्रिकेट ग़लत कारणों से सुर्खियों में है."स्ट्रॉस ने कहा, "मैं किसी आरोप पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता लेकिन यह तय है कि यह एक कठिन दिन था."उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ आगे खेले जाने वाले एकदिवसीय मैच और ट्वेंटी-20 सिरीज़ तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे.

Story first published: Monday, August 30, 2010, 7:21 [IST]
Other articles published on Aug 30, 2010
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+