डग बॉलिंजर बाँए घुटने में चोट की वजह से वापस लौट रहे हैं
ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज़ डग बॉलिंजर बाँए घुटने में चोट की वजह से विश्व कप से बाहर हो गए हैं.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से जारी बयान में ये जानकारी दी गई है.
टीम के फ़िज़ियोथेरेपिस्ट एलेक्स कुंटोरिस ने बताया कि बॉलिंजर जब से भारत पहुँचे थे तभी से उन्हें घुटने में दर्द था.
कुंटोरिस के मुताबिक़, "दुर्भाग्यवश दर्द की वजह से उनकी गेंदबाज़ी की क्षमता पर काफ़ी असर पड़ रहा था और अब वह टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकेंगे."
उन्होंने बताया, "डग अब ऑस्ट्रेलिया लौट जाएँगे और वहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों को दिखाएँगे जिससे चोट को जल्द से जल्द ठीक की जा सके."
चयनकर्ताओं ने अभी ये नहीं तय किया है कि बॉलिंजर की जगह किस खिलाड़ी को टीम में जगह दी जाए.
अभ्यास मैच में नहीं
आईसीसी की टेक्निकल कमेटी जब एक बार उस खिलाड़ी के नाम की पुष्टि कर देगी तब उसे आधिकारिक तौर पर टीम में जगह मिलेगी.
बॉलिंजर भारत के विरुद्ध बंगलौर में अभ्यास मैच में उतरे थे जहाँ उन्होंने छह ओवरों में 29 रन देकर एक विकेट लिया था मगर उसके बाद से वह कोई मैच नहीं खेल सके.
दक्षिण अफ़्रीका के विरुद्ध हुए दूसरे अभ्यास मैच में उन्हें नहीं उतारा गया था और कप्तान रिकी पॉन्टिंग ने उस समय कहा था कि बॉलिंजर की चोट ठीक हो रही है.
उसके बाद वह ज़िम्बाब्वे के विरुद्ध हुए ऑस्ट्रेलिया के पहले मैच में भी नहीं खेले और फिर न्यूज़ीलैंड के विरुद्ध नागपुर में हो रहे मैच से भी उन्हें दूर ही रखा गया था.