उसैन बोल्ट ने सौ मीटर फ़र्राटा दौड़ में नया विश्व कीर्तिमान कायम करते हुए विश्व चैंम्पियनशिप का ख़िताब जीत लिया है.
जमैका के उसैन बोल्ट ने सौ मीटर फ़र्राटा दौड़ में नया विश्व कीर्तिमान कायम करते हुए विश्व चैंम्पियनशिप का ख़िताब जीत लिया है.
उन्होंने ये दूरी नौ दशमलव 58 सेकंड में पूरी की. बीजिंग ओलंपिक विजेता बोल्ट ने अपना ही पुराना विश्व रिकॉर्ड 0.11 सेकेंड कम समय निकालकर तोड़ दिया.
उसैन बोल्ट ने दौड़ में शुरू से ही बढ़त बना ली थी और उन्होंने अपने अमरीकी प्रतिद्वंद्वी टायसन गे को कोई मौक़ा नहीं दिया.
टायसन दूसरे स्थान पर रहे और उन्होंने नया अमरीकी रिकार्ड बनाया. टायसन ने 9.71 सेकेंड औऱ तीसरे नंबर पर रहे जमैका के असफ़ा पॉवेल ने 9.84 सेकेंड का समय निकाला. पिछली गर्मियों में बीजिंग ओलंपिक के दौरान थंडरबोल्ट के नाम से मशहूर हुए उसैन बोल्ट ने तीन विश्वि कीर्तिमान बनाए थे.
जर्मनी के बर्लिन ओलंपिक स्टेडियम में हुए फ़ाइनल में बोल्ट ने शुरु से ही दबदबा बनाए रखा और शुरुआती तीस मीटर की दौड़ में ही ये तय हो गया था उन्हें पीछे छोड़ना किसी के वश में नहीं है.
विश्व चैंम्पियन बनने के बाद उन्होंने बीबीसी से कहा, "मैं पूरी तरह तैयार था, सेमीफ़ाइनल के बाद मैं बेहतर महसूस कर रहा था. मुझे पता था कि यह ज़बर्दस्त रेस होगी और मैंने इसे पूरा कर लिया."
उनके हमवतन और पूर्व रिकॉर्डधारी असफ़ा पॉवेल की प्रतिक्रिया थी, "मैंने बोल्ट को पकड़ने की पूरी कोशिश की लेकिन नहीं कर सका."
उसैन बोल्ट ने बीजिंग ओलंपिक में धूम मचा दी थी. उन्होंने सौ मीटर, दो सौ मीटर और चार सौ मीटर रिले दौड़ में न सिर्फ़ स्वर्ण पदक हासिल किया बल्कि तीनों ही दौड़ नए विश्व रिकॉर्ड के साथ अपने नाम किए.