न्यूयार्क में जारी एक बयान में अमेरिका की फुटबॉल सम्बंधी एक समिति ने शुक्रवार को घोषणा की कि वह वर्ष 2022 के विश्व कप की मेजबानी पाने के लिए अपना ध्यान केंद्रित करेगी। समिति कई महीनों तक चर्चा करने के बाद इस निर्णय पर पहुंची है।
समिति के सुनील गुलाटी ने बताया, "कुछ समय से हमने फीफा और 'यूनियन ऑफ यूरोपियन फुटबाल एसोसिएशन' (यूईएफए) से केवल वर्ष 2022 की मेजबानी की संभावनाओं को लेकर बातचीत की है। हमें विश्वास है कि यह निर्णय अमेरिकी बोली के हित में है।"
उधर, फीफा ने अमेरिका के इस घोषणा का स्वागत किया है। इंग्लैंड पहले ही वर्ष 2022 के फुटबाल विश्व कप की मेजबानी से पीछे हट चुका है। अब इस दौड़ में आस्ट्रेलिया, जापान, दक्षिण कोरिया, कतर और अमेरिका बने हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 का फुटबाल विश्व कप ब्राजील में होना है, जबकि वर्ष 2018 फुटबाल विश्व कप की मेजबानी के लिए इंग्लैंड, रूस, बेल्जियम, नीदरलैंड, स्पेन और पुर्तगाल दोड़ में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।