अमरीका को 3-2 से हराकर ब्राज़ील ने कंफ़ेडरेशंस कप का ख़िताब जीत लिया है. ब्राज़ील की ओर से फ़ेबियानो ने दो गोल और लूसियो ने एक गोल किया. तीसरी बार कंफ़ेडरेशंस कप जीतने वाली ब्राज़ील की टीम एक समय 2-0 से पीछे थी.
लेकिन मैच में शानदार वापसी करते हुए ब्राज़ील ने पहले तो स्कोर बराबर किया. फिर एक अतिरिक्त गोल करके ख़िताब पर क़ब्ज़ा कर लिया.
हाफ़ टाइम तक अमरीका ने 2-0 की बढ़त हासिल कर ली थी. अमरीका की ओर से पहला गोल क्लिंट डेम्पसी और दूसरा गोल लैन्डन डोनोवैन ने किया.
वापसी
दूसरे हाफ़ में लुईस फ़ेबियानो ने ब्राज़ील की ओर से पहला गोल किया. लेकिन काका की ओर से किए गए गोल को रेफ़री ने सही नहीं ठहराया. हालाँकि गेंद ने गोललाइन क्रॉस कर ली थी.
फ़ेबियानो ने दो गोल मारे
लुईस फ़ेबियानो ने ब्राज़ील समर्थकों को निराश नहीं किया. उन्होंने दूसरा गोल करके स्कोर बराबर कर दिया. और खेल ख़त्म होने से पाँच मिनट पहले एक कॉर्नर पर शानदार गोल करके लूसियो ने ब्राज़ील को तीसरी बार कंफ़ेडरेशंस कप जितवा दिया.
अमरीका ने सेमी फ़ाइनल में स्पेन को 2-0 से मात देकर फ़ाइनल में जगह बनाई थी. फ़ाइनल में ब्राज़ील ने कलात्मक खेल का प्रदर्शन किया और गेंद भी उसके खिलाड़ियों के पास ज़्यादा रही. लेकिन पहले गोल किया अमरीका ने.
पहले हाफ़ में दो गोल करके अमरीका ने अच्छी बढ़त बना ली थी. लेकिन दूसरे हाफ़ में ब्राज़ील ने तीन गोल किए और ख़िताब जीत लिया.