WTC Final: इंग्लैंड रवाना होने से पहले BCCI खिलाड़ियों को भेजेगा बबल में
नई दिल्ली। आईपीएल के सस्पेंड होने के बाद तमाम खिलाड़ी बायो बबल से बाहर निकलकर अपने घर वापस लौट रहे हैं। ऐसे में आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले से पहले बीसीसीआई विराट कोहली की अगुवाई में भारतीय टीम को बायो बबल में रखने की योजना बना रही है। टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले के लिए इंग्लैंड रवाना होने से पहले बीसीसीआई भारतीय टीम को बबल में रखेगी। बता दें कि 18 जून को टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला इंग्लैंड के साउथैंपटन में खेला जाएगा।
महिला टीम भी जाएगी साथ
बीसीसीआई के अधिकारी ने बताया कि भारतीय महिला टीम जो एक टेस्ट मैच, 3 वनडे मैच, 3 टी-20 मैच खेलेगी। भारतीय महिला टीम भी पुरुष टीम के साथ ही रवाना होगी लिहाजा महिला टीम को इंग्लैंड रवाना होने से पहले बबले में रखा जाएगा। हालांकि बीसीसीआई अभी इंग्लैंड से इस बात को लेकर बात कर रहा है कि भारतीय टीम को 14 दिन तक क्वारेंटीन में ना रखा जाए। दरअसल यूके ने भारत को रेड लिस्ट में रखा है, जिसकी वजह से भारत से आने वाले लोगों को 14 दिन तक क्वारेंटीन में रहना अनिवार्य है। रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई 25 सदस्यीय टीम लेकर इंग्लैंड जाएगी।
चार्टर प्लेन से इंग्लैंड जाएगी टीम
बीसीसीआई के सूत्र ने बताया कि हम चाहते हैं कि खिलाड़ी भारत में ही क्वारेंटीन में हो जाए। यूके में भारत से विमान की उड़ान पर प्रतिबंध है, लिहाजा भारतीय टीम चार्टर प्लेन में इंग्लैंड जाएगी। 18 जून को फाइनल मुकाबले से पहले भारतीय टीम को पहले इंग्लैंड में क्वारेंटीन में रहना होगा, इसके बाद कम से कम 10 दिन तक यहां के हालात में खुद को ढालने में लगेगा। ऐसे में भारतीय टीम संभव है कि इसी महीने आखिरी हफ्ते में इंग्लैंड के लिए रवाना हो सकती है।
बीसीसीआई क्वारेंटीन अवधि को कम करने की कोशिश में
वहीं न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों की बात करें तो 11 मई को न्यूजीलैंड के खिलाड़ी इंग्लैंड में रहेंगे। न्यूजीलैंड की टीम यहां दो टेस्ट मैच खेलेगी। ऐसे में किवी टीम यहां की स्थिति में टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले से पहले ढल जाएगी। यही वजह है कि बीसीसीआई चाहता है कि भारतीय खिलाड़ियों को इंग्लैंड में 7 तक ही क्वारेंटीन रहना पड़े। भारत जब पिछले साल ऑस्ट्रेलिया गया था तो ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने भारतीय खिलाड़ियों को राहत दी थी और उन्हें बायो बबल में अभ्यास करने की अनुमति दी गई थी।
लंबा हो सकता है बबल
बीसीसीआई के अधिकारी के अनुसार भारतीय खिलाड़ी यूके में 14 दिन के क्वारेंटीन को टालने के लिए बायो बबल में जाने के लिए तैयार हैं। कई खिलाड़ी पिछले 8-9 महीनों से बबल में हैं। ऐसे में उनपर इसका मानसिक प्रभाव भी है। हालांकि अब खिलाड़ी बबल में जाने के लिए तैयार हैं ताकि बीसीसीआई इंग्लैंड में उन्हें बबल से बबल में ट्रांसफर कर सके। लेकिन इस बार स्थिति थोड़ी मुश्किल होगी क्योंकि खिलाड़ी यूएई से नहीं बल्कि भारत से जाएंगे। फिलहाल खिलाड़ी अपने घर गए हैं और परिवार के साथ हैं, ऐसे में परिवार से मिलने के बाद वापस बबल में आने से उन्हें थोड़ी राहत जरूर होगी। ध्यान रखने वाली बात यह है कि इस बार यह बबल और लंबा हो सकता है क्यों कि टेस्ट चैंपियनशिप के बाद इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज और इसके बाद टी-20 वर्ल्ड कप होना है। यही नहीं अगर आईपीएल होता है तो बबल काफी लंबा हो सकता है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
