वर्ल्ड सुपर सीरीज फाइनल्स: सिंधु ने सेमीफाइनल में जगह पक्की की, श्रीकांत बाहर
दुबई। ओलंपिक पदक विजेता भारत की स्टार बैडमिंटन प्लेयर पीवी सिंधु ने वर्ल्ड सुपर सीरीज फाइनल्स के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। सिंधु सीधे गेम में जीत दर्ज कर दुबई में खेले जा रहे वर्ल्ड सुपर सीरीज फाइनल्स के अगले दौर में पहुंची हैं जबकि किदांबी श्रीकांत लगातार दूसरी हार के बाद बाहर हो गए।
दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी सिंधु ने सिर्फ 36 मिनट में वर्ल्ड नंबर-15 जापान की सायाका साटो को 21-13, 21-12 से मात दी। टूर्नामेंट में यह उनकी लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले उन्होंने चीन की हि बिंगजियाओ को हराया था। अब जापान की अकाने यामागुची से उन्हें अगला मुकाबला खेलना है।
वहीं श्रीकांत की बात करें तो उन्हें चीनी ताइपे के चोउ तियेन चेन ने हराया। हालांकि श्रीकांत को ग्रुप बी में अभी भी एक मैच खेलना है, लेकिन अगले दौर में पहुंचने की संभावनाएं नहीं बची हैं। गौरतलब है कि श्रीकांत को उनके पहले मुकाबले में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी और गत चैंपियन विक्टर एक्सेलसेन ने हराया था।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
