जब टॉस जीतने के बाद संजू सैमसन ने सिक्का रख लिया जेब में, तभी मैच रेफरी ने..
नई दिल्ली। पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 119 रनों की पारी खेली। हालांकि उनकी टीम आखिरी ओवर में लक्ष्य से 4 रन दूर रह गई और टीम को हार का सामना करना पड़ा। लेकिन मैच से पहले जब संजू सैमसन पंजाब किंग्स के कप्तान केएल राहुल के साथ टॉस करने के लिए गए तो टॉस जीतने के बाद सैमसन ने सिक्का अपनी जेब में रख लिया, लेकिन तभी मैच रेफरी मनु नय्यर ने उन्हें रोक लिया।

टॉस जीत और सिक्का रख लिया जेब में
मैच के बाद इस घटना के बारे में बात करते हुए संजू सैमसन ने कहा कि मुझे टॉस करने के बाद सिक्का काफी अच्छा लग रहा था तो मैंने उसे जेब में रख लिया। मैंने रेफरी से पूछा कि क्या मैं इस सिक्के को रख सकता हूं तो उन्होंने कहा नहीं। संजू सैमसन बतौर कप्तान आईपीएल का अपना पहला मैच खेल रहे थे और पहले ही मैच में उन्होंने 119 रन की शतकीय पारी खेली। बतौर कप्तान पहला मैच खेलते हुए किसी भी खिलाड़ी ने आईपीएल में शतक नहीं लगाया है, ऐसा करने वाले संजू सैमसन पहले क्रिकेटर बन गए हैं।

कप्तान केएल राहुल ने बनाए 91 रन
टॉस जीतकर राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स की टीम को बल्लेबाजी का न्योता दिया। पंजाब की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और टीम के सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल महज 14 रन के स्कोर पर आउट हो गए। लेकिन दूसरी तरफ कप्तान केएल राहुल ने 91 रनों की जबरदस्त पारी खेली। साथ ही क्रिस गेल ने 40 और दीपक हुड्डा ने तूफानी 64 रनों की पारी खेली। दीपक हुड्डा ने महज 28 गंदों पर 64 रन बनाए और इस पारी में उन्होंने 6 छक्के और 4 चौके लगाए।

4 रन से हारा राजस्थान रॉयल्स
पंजाब किंग्स के 223 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज बेन स्टोक्स खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए। जबकि मनान वोहरा 12 रन ही बना सके। लेकिन दूसरे छोर पर संजू सैमसन लगातार डटे रहे। आखिरी ओवर की दो गेंदों पर राजस्थान की टीम को जीत के लिए 5 रन बनाने थे लेकिन पांचवी गेंद पर संजू सैमसन ने सिंगल नहीं लिया और आखिरी गेंद पर छक्का मारने की कोशिश में वह दीपक हुड्डा को अपना कैच थमा बैठे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
