IPL 2021: दिल्ली कैपिटल्स के लिये खुशखबरी, कोरोना की गलतफहमी के बाद क्वारंटीन से बाहर निकला दिग्गज गेंदबाज
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन में गुरुवार को वानखेड़े के मैदान पर दूसरा मैच खेलने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम को भले ही बेहद रोमांचक मैच में हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन शुक्रवार को सामने आई खबर से उसके फैन्स काफी खुश होने वाले हैं। पिछले साल आईपीएल में दिल्ली के लिये शानदार गेंदबाजी करने वाले तेज गेंदबाज एनरिच नॉर्खिया क्वारंटीन से बाहर आकर शुक्रवार को टीम से जुड़ गये हैं। उल्लेखनीय है कि राजस्थान के खिलाफ हुए इस मैच में दिल्ली को अपने इस गेंदबाज की कमी महसूस हुई जिसके चलते 20वां ओवर उन्हें टॉम कर्रन से कराना पड़ा और टीम 147 का स्कोर बचा पाने में नाकाम रही।
हालांकि एनरिच नॉर्खिया की वापसी से टीम की गेंदबाजी को मजबूती मिल जायेगी। नॉर्खिया जब क्वारंटीन में थे तभी उन्हें कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, हालांकि बाद में किये 3 अन्य आरटी-पीसीआर टेस्ट में यह रिपोर्ट गलत आई थी। नॉर्खिया को क्वारंटीन में कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद कड़े क्वारंटीन को बढ़ा दिया गया था।
और पढ़ें: BCCI ने घटाई इन 3 खिलाड़ियों की सैलरी, हार्दिक पांड्या को मिला प्रमोशन, जानें कितना मिलेगा पैसा
दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने अपने आधिकारिक ट्विटर पर लिखा,'हमारी टीम के दिग्गज तेज गेंदबाज अब क्वारंटीन से बाहर आ गये हैं। कोरोना वायरस की एक गलत रिपोर्ट में पॉजिटिव आने के बाद वो 3 बार नेगेटिव आये हैं और अब बायोयबबल में टीम का हिस्सा हैं। हम उन्हें दोबारा मैदान पर देखने को बेकरार हैं।'
वहीं क्वारंटीन से बाहर निकल कर टीम के साथ जुड़ने वाले एनरिच नॉर्खिया ने इस पर खुशी जताई है और कहा,'अपने कमरे से बाहर निकलकर सभी को ब्रेकफास्ट पर एक साथ देखना काफी अच्छा महसूस कराता है। आज की ट्रेनिंग का हिस्सा बनने के लिये उत्साहित हूं। मैदान पर और आईपीएल को भारत में वापस आयोजित देखना काफी अच्छा अनुभव है।'
और पढ़ें: DC vs RR: छक्कों के लिये मशहूर ग्राउंड पर नहीं लगा एक भी मैक्सिमम, 147 पर सिमटी दिल्ली
गौरतलब है कि आईपीएल के दौरान खिलाड़ी की गलत कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट का यह दूसरा मामला है। इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के सलामी बल्लेबाज नीतिश राणा को भी ऐसी ही स्थिति से गुजरना पड़ा था। आपको बता दें कि एनरिच नॉर्खिया और कगिसो रबाडा ने एक ही दिन 6 अप्रैल को क्वारंटीन शुरू किया था, जिसमें नेगेटिव आने के बाद रबाडा टीम से जुड़े। हालांकि नॉर्खिया के लिये पहली टेस्ट रिपोर्ट गलत आई है और उनका क्वारंटीन बढ़ गया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
