नई दिल्ली में पत्रकारों के साथ बातचीत में उन्होंने कहा, "राष्ट्रमंडल गेम्स विलेज बीजिंग ओलंपिक के मुक़ाबले बेहतर है. दिल्ली राष्ट्रमंडल खेल वर्ष 2012 के लंदन ओलंपिक के लिए एक बड़ा मानदंड स्थापित करेगा." क्रेग हंटर ने कहा कि हर गेम्स विलेज समय के साथ-साथ बेहतर हो रहे हैं और दिल्ली गेम्स विलेज ने तो नया मानदंड बना दिया है.
पिछले दिनों राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति ने पत्रकारों को भी गेम्स विलेज की सैर कराई थी. समिति का दावा है कि वो एथलीटों और प्रतिनिधियों को विश्व स्तरीय सुविधा उपलब्ध कराएगा. क्रेग हंटर ने कहा, "अन्य गेम्स विलेज में चार एथलीटों को एक बॉथरुम शेयर करना पड़ता था. लेकिन यहाँ सिर्फ़ दो एथलीटों को एक बॉथरुम शेयर करना होगा. दिल्ली में प्रशिक्षण की सुविधाएँ भी शानदार हैं."
उन्होंने कई स्टेडियमों की भी सराहना की और कहा कि कई आयोजन स्थल तो विश्व स्तरीय हैं. सुरक्षा चिंता पर क्रेग हंटर ने कहा कि वे सुरक्षा व्यवस्था से ख़ुश हैं और जिन खिलाड़ियों ने दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों से अपना नाम वापस लिया है, उसकी वजह सुरक्षा व्यवस्था नहीं बल्कि उनका निजी मामला था.
उन्होंने कहा, "1972 के म्यूनिख ओलंपिक से ही सुरक्षा व्यवस्था चिंता का कारण रही है. कुछ एथलीटों ने अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर और घायल होने के कारण नाम वापस लिया है." क्रेग हंटर ने कहा कि इसके बावजूद कई ओलंपिक और विश्व चैम्पियन दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों के लिए आ रहे हैं.