इतिहास रचने के बाद सुशील कुमार उत्साहित तो हैं, लेकिन उनका ध्यान अब पूरी तरह राष्ट्रमंडल खेलों पर है. सुशील कुमार ने कहा, "बीजिंग ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने के बाद विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीतना मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि है. मेरा अगला लक्ष्य दिल्ली राष्ट्रमंडल में स्वर्ण पदक जीतने की है."
सुशील कुमार ने कहा कि वे बहुत भाग्यशाली हैं कि वे विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय हैं. सुशील कुमार ने फ़ाइनल में रूस के गोगेव एलेन को 3-1 से मात दी थी. दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में कुश्ती में भारत ने बड़ी उम्मीदें लगा रखी हैं.
सुशील कुमार को भी उम्मीद है कि भारतीय पहलवान इस बार बड़ा कारनामा कर दिखाएँगे. सुशील कुमार के अलावा योगेश्वर दत्त, अनिल मान से भी भारत को काफ़ी उम्मीदें हैं.