दीपक पूनिया बने दुनिया के नंबर एक पहलवान, बजंरग को लगा झटका
नई दिल्ली। दीपक पूनिया दुनिया के नंबर एक पहलवान बन गए हैं। अंतरराष्ट्रीय महासंघ की ओर से जारी ताजा रैंकिंग में 86 किग्रा वर्ग में विश्व रेसलिंग चैम्पियनशिप के रजत पदकधारी पहलवान दीपक पूनिया पहले स्थान पर आ चुके हैं। वहीं बजरंग पूनिया ने 65 किग्रा वर्ग में अपना शीर्ष स्थान गंवा दिया। बजरंग विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतने के बाद दूसरे स्थान पर खिसक गए। हालांकि वह विश्व चैम्पियनशिप में शीर्ष पहलवान के तौर पर गए थे। 25 साल के बजरंग के अब 63 अंक हैं। रूस के गाद्जिमुराद राशिदोव ने नूर सुल्तान में विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था जिससे वह 65 किग्रा वर्ग में नंबर एक पहलवान बन गए हैं।
अपनी पहली सीनियर विश्व चैम्पियनशिप में दीपक पूनिया ने रजत पदक प्राप्त किया। उन्हें टखने की चोट के कारण फाइनल में ईरान के महान पहलवान हसन याजदानी के खिलाफ हटने की वजह से रजत पदक से संतोष करना पड़ा था। बीस साल के इस भारतीय पहलवान के अब 82 अंक हैं और वह विश्व चैम्पियन याजदानी से चार अंक आगे हैं। इस साल दीपक ने यासर दोगू में रजत और एशियाई चैम्पियनशिप व सासारी टूर्नामेंट में कांस्य पदक हासिल किए थे। इस तरह उन्हें लगातार अच्छे प्रदर्शन का फायदा मिला।
वहीं 57 किग्रा वर्ग में विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदकधारी रवि दहिया शीर्ष पांच में पहुंचने में सफल रहे. उनके 39 अंक हैं जिससे वह पांचवें स्थान पर हैं जबकि राहुल अवारे कांस्य पदक के बूते दुनिया के दूसरे नंबर के पहलवान बन गए हैं। महिलाओं की रैंकिंग में विनेश फोगाट पिछले हफ्ते के शानदार प्रदर्शन के बूते 53 किग्रा में चार पायदान के फायदे से दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने नूर सुल्तान में कांस्य पदक जीतने के अलावा टोक्यो ओलिंपिक का कोटा भी हासिल किया था।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
