महिला-पुरुष हॉकी टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने पर पीएम मोदी ने ट्वीट कर पूरे देश के लिए कही खास बात
नई दिल्ली, 02 अगस्त। भारतीय महिला हॉकी टीम ने जिस तरह से ऑस्ट्रेलिया को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हराकर ओलंपिक के इतिहास में पहली बार सेमीफाइनल में जगह बनाई है उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारतीय महिला टीम को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट करके भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने की बधाई दी है। बता दें कि भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 1-0 से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है। इससे पहले पुरुषों की टीम ने ग्रेट ब्रिटेन को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की थी।
पीएम मोदी ने ट्वीट करके लिखा, भारत अगस्त महीने में प्रवेश कर रहा है और इसके साथ ही अमृत महोत्सव की शुरुआत हो रही है, हमने कई ऐसे चीजें होते हुए देखी जिसने हमारा दिल जीता। देश में रिकॉर्ड संख्या में लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगी, जीएसटी कलेक्शन भी रिकॉर्ड स्तर पर हुआ जोकि देश की आर्थिक गतिविधि को दर्शाता है। ना सिर्फ पीवी सिंधु ने मेडल जीता बल्कि हमने देखा कि कैसे भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम ने ओलंपिक में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। मुझे आशा है कि 130 करोड़ भारतीय लगातार इसी तरह से कड़ी मेहनत करते रहेंगे और इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि भारत नई बुलंदियों पर पहुंचे।
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में सिर्फ एक गोल हुआ और वो भारतीय महिला टीम की ओर से गुरजीत कौर ने 22वे मिनट में दागा। गुरजीत कौर ने पेनाल्टी कॉर्नर को बखूबी गोल में तब्दील करने में सफलता की और भारतीय टीम की जीत को सुनिश्चित किया। इसके साथ ही जिस तरह से रानी रामपाल ने बतौर कप्तान जबरदस्त खेल दिखाया वह काबिले तारीफ है। इससे पहले भारतीय टीम को जर्मनी से 0-2 से और ग्रेट ब्रिटेन से 1-4 से हार का मुंह देखना पड़ा था। लेकिन भारतीय टीम ने निराश होने की बजाए वापसी की और आयरलैंड को 1-0 और जापान को 4-3 हराया और खुद को मेडल की रेस में बनाए रखा।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
