वेबसाइट 'क्रिक इंफो डॉट कॉम' के मुताबिक सोबर्स ने हाल ही में प्रकाशित किक्रेट की एक महत्वपूर्ण किताब-'इन ए लीग ऑफ देअर ओन : 100 क्रिकेट लिजेंड्स सेलेक्ट देअर वर्ल्ड इलेवन' में लिखा है कि वार्न को महानतम लेग स्पिनर बताया गया है लेकिन यह सच नहीं है।
बकौल सोबर्स, "मैं भारत के लिए 50 के दशक में खेलने वाले गुप्ते को वार्न से बेहतर लेग स्पिनर मानता हूं। मेरी नजर में वार्न की काबिलियत को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है। मेरे लिए वार्न गेंद को घुमाने वाले महान गेंदबाज हैं लेकिन एक लेग स्पिनर के तौर पर गुप्ते उनके कहीं बेहतर थे।"
गुप्ते ने 1951 से 1961 के बीच भारत के लिए कुल 36 टेस्ट मैच खेले थे। इस दौरान उन्होंने 29.55 के औसत से 149 विकेट अपने नाम किए थे। अपने करियर के दौरान गुप्ते ने पांच टेस्ट मैचों में सोबर्स को एक बार आउट किया था।
दूसरी ओर, वार्न और सोबर्स का नाम 2000 में प्रकाशित विजडन पत्रिका में शताब्दी के पांच महानतम खिलाड़ियों की सूची में शामिल था। सोबर्स और वार्न के अलावा इस सूची में डॉन ब्रैडमैन, जैक हॉब्स और विवियन रिचर्ड्स का भी नाम शामिल था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।