भारत-इंग्लैंड मैच में मैदान में दर्शकों को अनुमति लेकिन IPL में एंट्री क्यों बैन, सौरव गांगुली ने दिया जवाब
नई दिल्ली। आईपीएल का 14वां सीजन इस बार भारत में खेला जाएगा। कोरोना महामारी के चलते पिछले साल आईपीएल का आयोजन यूएई में कराया गया था और दर्शकों को मैदान में आने की अनुमति नहीं थी। ठीक इसी तरह से भारत में होने वाले आईपीएल में भी दर्शकों को मैदान में आने की अनुमति नहीं होगी। लेकिन अहम बात यह है कि जब इग्लैंड के खिलाफ सीरीज में दर्शकों को मैदान में आने की अनुमति थी तो आखिर आईपीएल में क्यों दर्शकों को आने की अनुमति नहीं है। इस सवाल का जवाब खुद बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने दिया है।
इस वजह से दर्शकों को नहीं मिलेगी एंट्री
सौरव गांगुली ने कहा कि दो देशों के बीच होने वाली सीरीज के आयोजन और 8 आईपीएल फ्रेंचाइजी के बीच मैच का आयोजन कराना दो अलग-अलग तरह के इवेंट हैं और इसकी चुनौतियां अलग हैं। इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में सौरव गांगुली ने कहा कि द्वीपक्षीय सीरीज की तुलना में आईपीएल बिल्कुल अलग है। अगर आप लोगों को मैदान में आने की अनुमति देते हैं, मैदान में खिलाड़ी खेल रहे होते हैं, कुछ टीमें बाहर अभ्यास भी कर रही होती हैं। कई मैदानों में अभ्यास के लिए अलग पिच हैं, लेकिन टीमें यहां अभ्यास करती हैं क्योंकि हर रोज टीमें खेलती हैं। लिहाजा लोगों के लिए मैदान को खोल देना जोखिमभरा हो सकता है, लोग अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों के करीब जा सकते हैं और इसमे रिस्क है।
हर टीम के लिए अधिकतम तीन फ्लाइट
वहीं जब सौरव गांगुली से पूछा गया कि क्या आईपीएल के दूसरे चरण में बीसीसीआई दर्शकों को मैदान में आने की अनुमति दे सकती है तो इसपर गांगुली ने कहा कि अभी इस बारे में नहीं पता है, यह उस वक्त के हालात पर निर्भर करता है। आईपीएल का आयोजन किस तरह से होगा इसपर गांगुली ने कहा कि हमने यह गुट में किया था, लिहाजा इस बार हर टीम के लिए अधिकतम तीन फ्लाइट होगी, उम्मीद है कि हम इसे मैनेज कर लेंगे। इंग्लैंड की टूर की बात करें तो भारत सिर्फ चेन्नई, अहमदाबाद और पुणे गई। आईपीएल में भी हम घरेलू टीमों के लिए यही करने की योजना बना रहे हैंयह बड़ा टूर्नामेंट है, बीसीसीआई ने दुबई में यह सफलतापूर्वक किया था और उम्मीद है कि इस बार भी हम इसे सफलतापूर्वक करेंगे।
9 अप्रैल से शुरू होगा आईपीएल
बता दें कि इस साल आईपीएल का आयोजन 9 अप्रैल से किया जाएगा। आईपीएल का फाइनल मुकाबला 30 मई को खेला जाएगा। आईपीएल मैचों का आयोजन 6 शहरों में होगा। फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि प्लेऑफ मुकाबले भी अहमदाबाद में ही खेले जाएंगे। आईपीएल के लीग मैच अहमदाबाद, बेंगलुरू, चेन्नई, दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में खेले जाएंगे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
