इयोन मोर्गन की 3 बड़ी गलतियां, पूर्व क्रिकेटर बोले- खुश हूं भारतीय कप्तान ने ऐसा नहीं किया
चेन्नई। आईपीएल के पिछले सीजन के बीच में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने दिनेश कार्तिक को कप्तानी से हटाकर इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन को टीम की कमान सौंपी थी। हालांकि पिछले सीजन में केकेआर की टीम कुछ खास नहीं कर सकी थी। लेकिन इस सीजन में केकेआर की टीम ने अच्छी शुरुआत की और पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 10 रनों से जीत दर्ज की थी। लेकिन अगले मैच में केकेआर की टीम को मुंबई इंडियंस के खिलाफ 10 रन से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में आज आरसीबी के खिलाफ माना जा रहा था कि केकेआर की टीम वापसी कर सकती है। लेकिन कप्तान इयोन मोर्गन ने मैच के दौरान जिस तरह से अपने गेंदबाजों का इस्तेमाल किया उसपर सवाल खड़ा होने लगा है। अहम बात यह है कि मोर्गन ने 19वां ओवर हरभजन सिंह को थमा दिया, इस ओवर में आरसीबी ने 18 रन लुटा दिए। मैच में जिस तरह से मोर्गन ने कुछ चौंकाने वाले फैसले लिए उसपर सवाल खड़ा करते हुए पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने कहा कि इंग्लैंड की टीम को विश्वकप जिताने वाले कप्तान इयोन मोर्गन ने आज कुछ ऐसे फैसले लिए जिसकी किसी को भी उम्मीद नहीं थी। वहीं गौतम गंभीर ने कहा कि मैं खुश हूं कि किसी भारतीय कप्तान ने ऐसी कप्तानी नहीं की, वरना सोशल मीडिया पर उसकी अबतक लोगों ने क्लास लगा दी होती। आकाश चोपड़ा ने कहा कि शायद दूसरी इनिंग से पहले ही कप्तानी चली जाती।अगर इस तरह की कप्तानी विराट कोहली ने की होती या फिर रोहित शर्मा ने ऐसी कप्तानी की होती तो शायद उनकी बहुत आलोचना होती। लेकिन आज मोर्गन ने जो किया उससे आप ने पूरा मैच ही दूसरी टीम को दे दिया।

कप्तानी पर खड़े हो रहे सवाल
दरअसल आरसीबी के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। लेकिन टीम ने महज 6 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए। केकेआर की ओर से दूसरा ओवर ओवर और अपना पहला ओवर डालने आए वरुण चक्रवर्ती ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए पहले कप्तान विराट कोहली को 5 रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा और उसके बाद इसी ओवर में उन्होंने 1 रन के स्कोर पर रजत पाटीदार को क्लीन बोल्ड कर दिया। ऐसे में उम्मीद की जा रही थी कि चक्रवर्ती दूसरा ओवर भी जरूर डालेंगे। लेकिन अगले ओवर में हरभजन सिंह के बाद कप्तान मोर्गन ने गेंद शाकिब अल हसन को थमा दी।

दो विकेट लेने के बाद भी नहीं दी गेंद
शाकिब के इस ओवर में 7 रन आए और वरुण चक्रवर्ती को गेंद नहीं थमाई गई। इयोन मोर्गन के फैसले पर सवाल खड़ा करते हुए पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने कहा मैंने कभी ऐसा नहीं देखा कि कोई गेंदबाज अपना पहला ओवर करे और पहले ही ओवर में दो विकेट हासिल करे लेकिन अगला ओवर उसे नहीं दिया जाए। गंभीर ने कहा कि निसंदेह वरुण चक्रवर्ती को अगला ओवर मिलना चाहिए था। अगर चक्रवर्ती एक विकेट और हासिल कर लेते और ग्लेन मैक्सवेल को पवेलियन भेज देते तो केकेआर इस मैच में जबरदस्त पकड़ बना सकती थी। लेकिन मोर्गन ने ऐसा नहीं किया।

पैट कमिंस को नहीं दी गेंद, आखिरी के 3 ओवर में लुटे 58 रन
इयोन मोर्गन ने ना सिर्फ पहला ओवर डालने के बाद वरुण चक्रवर्ती को गेंद नहीं थमाई बल्कि पांचवा ओवर करने आए पैट कमिंस को भी मोर्गन ने अगला ओवर नहीं दिया। अगले ओवर में शाकिब अल हसन के बाद मोर्गन ने गेंद को प्रसिद्ध कृष्णा को थमा दिया। ऐसे में केकेआर की टीम अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सकी। ग्लेन मैक्सवेल ने मैच में 49 गेंदों का सामना करते हुए 78 रनों की पारी खेली, इस पारी में मैक्सवेल ने 9 चौके और 3 छक्के जड़ दिए। वहीं एबी डिविलियर्स ने 34 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 76 रनों की पारी खेली। इस पारी में डिविलियर्स ने 3 छक्के और 9 चौके जड़े। आरसीबी की टीम ने 20 ओवर में 204 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया। आखिरी के तीन ओवर की बात करें तो केकेआर के गेंदबाजों ने 58 रन लुटा दिए।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
