IPL 2021 KKR vs SRH: पांडे-बेयरस्टो पर भारी राणा-त्रिपाठी की पारी, जीत में निभाई अहम भूमिका
चेन्नईः केकेआर की टीम ने जीत के साथ अपने आईपीएल 2021 सीजन की शुरुआत की है। उन्होंने टॉस हारने के बाद पहले बैटिंग करते हुए 188 रनों का स्कोर खड़ा किया था जिसके जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 177 रन ही बना सकी।
चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत शुरू से ही खराब रही। रिद्धिमान साहा, डेविड वॉर्नर के साथ ओपनिंग करने के लिए आए लेकिन वार्नर केवल 3 रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार हो गए। कृष्णा की उछाल लेती हुई गेंद पर वे पूरी तरह बीट हो गए और यह विकेट के पीछे दिनेश कार्तिक के हाथों में समा गई। इसके बाद रिद्धिमान साहा की बारी थी जिनको शाकिब अल हसन ने अपने स्पेल की पहली ही गेंद पर चलता कर दिया। इससे पहले रिद्धिमान साहा ने हरभजन सिंह को स्पिन के विरुद्ध खेलकर एक दर्शनीय छक्का लगाया था। साहा ने 6 गेंदों पर 7 रन बनाए।
यहां से हैदराबाद की पारी की लय पूरी तरह से बिगड़ गई क्योंकि मनीष पांडे और जॉनी बेयरस्टो ने अच्छी साझेदारी करने की कोशिश की लेकिन रन गति बरकरार नहीं रह पाई। जॉनी बेयरस्टो अर्धशतक लगाकर आउट हुए और तब तक सनराइजर्स का स्कोर भी 103 रनों के पार जा चुका था। बेयरस्टो ने 40 गेंदों पर 55 रन बनाए जिसमें उन्होंने 5 चौके व तीन छक्के लगाए। वे पैट कमिंस का शिकार बने। इसके बाद मोहम्मद नबी आउट हुए जिन्होंने 11 गेंदों पर 14 रनों की पारी खेली और वे प्रसिद्ध कृष्णा का दूसरा शिकार बने। विकेट गिरने के दौर के बीच मनीष पांडे ने अपना अर्धशतक पूरा किया और उन्होंने लगातार प्रयास करना जारी रखा लेकिन रन गति की दरकार इतनी ज्यादा थी कि वे भी कुछ खास नहीं कर सकते थे।
मनीष पांडे अंत तक नाबाद रहे और उन्होंने 44 गेंदों पर 61 रनों की पारी खेली जिसमें 2 चौके व तीन छक्के थे। पांडे ने भरसक प्रयास किया लेकिन जिस तरह का स्ट्राइक रेट चाहिए था उनकी बैटिंग में वह बात दिखाई नहीं दी। बैटिंग में वह बात अंतिम क्षणों में अब्दुल समद ने दिखाई जिन्होंने 8 गेंदों पर 19 रन जोड़ दिए। जहां पर कई बल्लेबाज बड़े-बड़े शॉट नहीं खेल पाए वहीं इस खिलाड़ी ने इस युवा खिलाड़ी ने पैट कमिंस पर दो बेहतरीन छक्के लगाए।
कोलकाता की पारी में हरभजन सिंह की गेंदबाजी देखना काफी रोमांचक अनुभव था लेकिन भज्जी पारी का पहला ओवर फेंकने के बाद फिर गेंदबाजी के लिए नहीं आए। प्रसिद्ध कृष्णा अपनी गति के साथ छाए रहे जिन्होंने 4 ओवर में 35 रन देकर दो विकेट लिए। शाकिब अल हसन के लिए भी कोलकाता में वापस आना ठीक-ठाक रहा जिन्होंने 4 ओवर में 34 रन देकर एक विकेट लिया। कमिंस नाम के अनुसार गेंदबाजी करते दिखाई दिए और दो छक्के खाने के बावजूद भी ऑस्ट्रेलिया के इस प्रीमियम पेसर ने चार ओवर में 30 रन देकर एक विकेट लिया। आंद्रे रसेल को गेंदबाजी करते देखना सुखद था जिन्होंने 3 ओवर में 32 रन देकर एक विकेट लिया। वरुण चक्रवर्ती ने कुछ मौके जरूर बनाए लेकिन वे ना तो रनों की रोकथाम कर सके और ना ही उनको विकेट मिला। उन्होंने चार ओवर में 36 रन दिए।
इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत बहुत अच्छी हुई जब नीतीश राणा और शुभमन गिल ने तेजी से रन बनाते हुए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली। गिल यहां पर 15 रन बनाकर आउट हो गए और उन्होंने 13 ही गेंदों का सामना किया था लेकिन दूसरे छोर पर नीतीश राणा का प्रहार जारी रहा। इसी बीच राशिद खान और कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाजों के बीच रोचक मुकाबला भी देखने को मिला। इसके बाद बैटिंग के लिए जब राहुल त्रिपाठी जाए तो परिस्थितियां बहुत तेजी के साथ बदल गई क्योंकि दोनों ही बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाने शुरू कर दिए।
इस दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त साझेदारी देखने को मिली और सनराइजर्स का दूसरा विकेट त्रिपाठी के रूप में 146 रनों के स्कोर पर गिरा। त्रिपाठी ने 29 गेंदों पर 5 चौके व दो छक्के लगाते हुए 53 रनों की पारी खेली और वे नटराजन का शिकार हुए। इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद को वापसी करने का मौका मिला क्योंकि केकेआर ने एक के बाद एक जमे हुए बल्लेबाजों के विकेट गवाएं। आंद्रे रसैल कुछ खास नहीं कर पाए और वह अगले शिकार बने जिन्होंने केवल 5 ही रन बनाए।
इसके बाद 56 गेंदों पर 80 रन बनाकर खेल रहे नीतीश राणा भी मोहम्मद नबी के शिकार बने। नीतीश राणा ने अपनी पारी में 9 चौके और 4 छक्के लगाए। मोहम्मद नबी ने अगली गेंद पर कप्तान इयोन मोर्गन को भी आउट कर दिया जिन्होंने 3 गेंदों पर 2 रनों की पारी खेली। लेकिन यहां से पिछले सीजन के कप्तान दिनेश कार्तिक ने बेहतरीन खेल दिखाया और उन्होंने अंत तक नाबाद रहते हुए 9 गेंदों पर 22 रनों की पारी खेली। इसके साथ ही कोलकाता नाइट राइडर्स का स्कोर 20 ओवर में छह विकेट पर 187 रन हो गया। हालांकि जिस तरीके से कोलकाता ने शुरुआत की थी उसके हिसाब से यह स्कोर 15 रन कम लग रहा था।
गेंदबाजी की बात करें तो भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल में वापसी बहुत बेहतर वापसी नहीं की है क्योंकि उन्होंने चार ओवर में 45 रन देकर एक विकेट लिया। यॉर्कर किंग नटराजन भी कुछ खास साबित नहीं हुए उन्होंने चार ओवर में 37 रन देकर एक विकेट लिया। अफगानिस्तान के दोनों स्पिनरों ने हालांकि कमाल का प्रदर्शन किया। मोहम्मद नबी ने चार ओवर में 32 रन देकर दो विकेट लिए जबकि राशिद खान खेमे के सबसे बेहतरीन गेंदबाज साबित हुए जिन्होंने 4 ओवर में केवल 24 रन देकर दो विकेट चटकाए।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
