मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया के युवा बल्लेबाज फिलिप ह्यूज की मैच के दौरान गेंद लगने के बाद निधन से पूरा क्रिकेट जगत दुखी है। वहीं ऑस्ट्रेलिया के कई खिलाड़ी अभी भी इस हादसे से सदमे में हैं। खिलाड़ियों की स्थिति को देखते हुए भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच चार दिसंबर को होने वाले पहले टेस्ट मैच को स्थगित कर दिया गया है।
आन वाले दिनों में टेस्ट मैच की नई तारीखों का ऐलान ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट बोर्ड करेगी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी जेम्स सदरलैंड ने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण समय है। हम ऐसी उम्मीद नहीं कर सकते कि हमारे खिलाड़ी अपने प्यारे साथी के अंतिम संस्कार के एक दिन बाद ही खेल के लिए तैयार हो जाएं।"
3 दिसंबर को होगा ह्यूज का अंतिम संस्कार
ह्यूज की मौत गुरुवार को सिडनी के क्वींसलैंड़ अस्पताल में हो गई थी। उन्हें इसी हफ्ते मंगलवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर साउथ आस्ट्रेलिया और न्यू साउथ वेल्स की बीच चल रहे एक घरेलू मैच में बल्लेबाजी के दौरान सिर में गंभीर चोट लगी थी। सीए ने पहला टेस्ट स्थगित करने के फैसले में समर्थन के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को भी धन्यवाद दिया।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड को दिया धन्यवाद
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने ह्यूज के निधन के बाद बीसीसीआई के सहयोग पर धन्यवाद दिया। सीए ने कहा कि "हम बीसीसीआई को हमारा समर्थन करने लिए धन्यवाद देते हैं। हम जानते है कि कई लोग, प्रशंसक खासकर क्रिकेट को पसंद करने वाले क्वींसलैंड के लोग पहले टेस्ट को लेकर उत्सुक हैं।"
"हम क्रिकेट समाज को भी थोड़ा धैर्य रखने का आग्रह करते हैं। अभी हमें भारतीय बोर्ड, आईसीसी और ब्रॉडकास्टर्स से बात कर इन सारे मुद्दे को अगले कुछ दिनों में हल करना है। इन सबके बीच क्रिकेट प्रशंसक और साझेदार भी हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है।"
टिकटों की बिक्री पर रोक लगी
इस बीच पहले टेस्ट के लिए टिकट की बिक्री पर भी फिलहाल रोक लगा दी गई है। सदरलैंड ने कहा, "हम जानते हैं कि कई लोगों ने टिकट खरीद लिए हैं। ऐसे में हम उन्हें सुझाव देंगे कि वह धैर्य रखे। हम जल्द ही आगे की कार्यक्रम पर विचार करेंगे।"