WTC Final 2023: भारत ने ओवल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के तीसरे और चौथे दिन अच्छी वापसी की, लेकिन आखिरी दिन टीम इंडिया खुद को संभाल नहीं पाई, और ताश के पत्तों की तरह बिखर गई, इस शिकस्त के बाद से कप्तान रोहित शर्मा की आलोचनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। इस क्रम में अब भारत के पूर्व टीम चयनकर्ता ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, टीम इंडिया के पूर्व टीम चयनकर्ता सरनदीप सिंह का कहना है कि 'कप्तानी में कुछ कमी थी' और रविचंद्रन अश्विन को प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होना चाहिए था। भारत फाइनल में पहुंचकर दूसरी बार आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब हार गया। ऑस्ट्रेलिया ने 11 जून को द ओवल में भारत को 209 रन से हराया और आईसीसी की सभी फॉर्मेट में ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बनकर इतिहास रच दिया।
सरनदीप सिंह ने एएनआई से बात करते हुए कहा कि हम कह सकते हैं कि कप्तानी में कुछ कमी थी। हमें विराट कोहली की आक्रामकता की आदत है। जब टीम का प्रदर्शन कमजोर पड़ता है, तो कप्तान उनका मनोबल बढ़ाता है, लेकिन रोहित शर्मा पूरी तरह से अलग हैं।' पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने यह भी कहा कि प्लेइंग इलेवन का चुनाव गलत था।
उन्होंने कहा कि, 'यह रोहित शर्मा की गलती नहीं थी, हम डब्ल्यूटीसी फाइनल हार गए, और सभी परेशान हैं। सबसे पहले हमारी प्लेइंग इलेवन गलत थी, रविचंद्रन अश्विन इतने अनुभवी गेंदबाज हैं जोकि विकेट निकाल सकते हैं। वे (ऑस्ट्रेलिया) बाएं हाथ के बल्लेबाज थे और रन बनाने वाले ट्रेविस हेड भी बाएं हाथ के बल्लेबाज थे। इसलिए अगर अश्विन होते तो शायद यह कहानी नहीं होती।'
उन्होंने इस बड़े खेल में मिली हार के लिए सीनियर खिलाड़ियों को भी जिम्मेदार ठहराया। सरनदीप ने कहा कि, 'समस्या सीनियर खिलाड़ियों में है, जब बड़े मैच आते हैं, जैसे विश्व कप सेमीफाइनल 2019 या एशिया कप, तो हमारे सीनियर खिलाड़ी एक साथ नहीं होते हैं।'
उन्होंने कहा कि, 'हमें घरेलू सीरीज में बल्लेबाजी के लिए अच्छे विकेट देने चाहिए ताकि हमारे बल्लेबाज लंबे समय तक बल्लेबाजी कर सकें। लंबे समय से हमारे बल्लेबाजों ने टेस्ट क्रिकेट में लंबी बल्लेबाजी की है।' सिंह पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली की उस टिप्पणी से अलग थे जिसमें उन्होंने कहा था कि 'आईपीएल जीतना विश्व कप जीतने से ज्यादा कठिन है।'
उन्होंने कहा कि, 'गांगुली अपने अनुभव के साथ बोल रहे हैं, हम कई वर्षों से कोई भी आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीत पाए हैं। आईपीएल में आपके पास दूसरे देशों के बहुत सारे खिलाड़ी हैं और कई मैच हैं लेकिन आईसीसी फाइनल में आपके पास केवल एक मौका है।' सिंह ने यह भी कहा कि उमरान मलिक को टीम में शामिल किया जाना चाहिए था क्योंकि उनकी गति 150 मील प्रति घंटे से अधिक है।