26 इनिंग के बाद पहली बार रबाडा को मैच में नहीं मिला एक भी विकेट
नई दिल्ली। आईपीएल के इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की टीम की शानदार शुरुआत हुई थी और टीम ने शुरुआत के 6 मैच में से 5 मैच में जीत दर्ज की। लेकिन पिछले तीन मैचों में दिल्ली कैपिटल्स को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है। हैदराबाद की ओर से जिस तरह से सलामी बल्लेबाजी डेविड वार्नर और रिद्धिमान साहा ने तूफानी पारी खेली और दिल्ली के सामने 220 रन का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा, उसके सामने दिल्ली की टीम महज 131 रन के स्कोर पर ढेर हो गई। मैच में दिल्ली के गेंदबाजों के हैदराबाद के बल्लेबाजों के सामने एक नहीं चली। यहां तक कि टीम के स्टार गेंदबाज कैगिसो रबाडा भी हैदराबाद के बल्लेबाजों के सामने बेबस नजर आए।
हैदराबाद के बल्लेबाजों ने कैगिसो रबाडा के 4 ओवर में 54 रन ठोक डाले। यही नहीं रबाडा के लिए यह मैच कई मायनों में काफी हताशा भरने वाला है। पिछली 26 इनिंग की बात करें तो ऐसा पहली बार हुआ है जब कैगिसो रबाडा मैच में एक भी विकेट नहीं झटक पाए। रबाडा इस आईपीएल सीजन में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं और अभी तक उनके नाम 23 विकेट हैं। लेकिन कल के मैच में रबाडा एक भी बल्लेबाज को पवेलियन नहीं भेज पाए। पिछले चार साल में पहली बार ऐसा हुआ है जब आईपीएल के किसी एक मैच में रबाडा एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं।
दिल्ली के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद के बल्लेबाजों ने दिल्ली के किसी भी गेंदबाज को नहीं छोड़ा और सबकी धुलाई की। महज 2 विकेट गंवाकर हैदराबाद ने 20 ओवर में 219 रन ठोंक डाले, जिसके जवाब में दिल्ली की टीम महज 131 रन पर ढेर हो गई। इससे पहले 2 मई 2017 को हैदराबाद के खिलाफ रबाडा को एक भी विकेट हासिल नहीं हुआ था। उस मैच में भी रबाडा ने चार ओवर में 59 रन लुटाए थे। बता दें कि आईपीएल के इस सीजन में रबाडा 12 मैच में 23 विकेट हासिल कर चुके हैं और पर्पल कैप उनके पास है। अभी तक आईपीएल में खेले गए 30 मैचों में रबाडा के नाम 54 विकेट हैं। आईपीएल में 21 रन देकर चार विकेट झटकने का रबाडा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
