पेस और डलूही की जोड़ी तीसरे और अंतिम सेट में 1-3 से पिछड़ रही थी लेकिन दोनों ने इसके बाद शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुक़ाबला जीत लिया. इससे पहले बोपन्ना और उसके पाकिस्तानी साथी एयूएच कुरैशी ने इटली के फाबियो फोगनिनी और अमरीका के माइकल रसेल की जोड़ी को सीधे सेटों में 6-2, 6-3 से हराया.
इस बीच भूपति और मिरनी की जोड़ी दूसरे राउंड में स्पेन की जोड़ी से 4-6, 6-7 से हार कर बाहर हो गई है. दूसरी ओर छठी वरीयता प्राप्त अमरीका के एंडी रॉडिक फ्रेंच ओपन टूर्नामेंट में रूस के गॉबास्वीली के हाथों पराजित होकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए. जबकि शीर्ष वरीयता प्राप्त सेरेना विलियम्स अपना मुक़ाबला जीतकर अगले दौर में पहुँच गईं हैं.
रूस के गॉबास्वीली ने रॉडिक को लगातार सेटों में 6-4, 6-4, 6-2 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया. गॉबास्वीली ने पहले सेट के सातवें गेम में रॉडिक की सर्विस तोड़ी और उसके बाद रॉडिक वापसी नहीं कर सके. रूसी खिलाड़ी ने तीसरे सेट में लगातार दो बार रॉडिक की सर्विस ब्रेक कर 4-0 की बढ़त बनाई और अंत तक मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी.