भारत क्यों नहीं बना वर्ल्ड कप 2019 का 'चैंपियन', टाॅम मूडी ने बताया कहां हुई थी बड़ी गलती
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए आज का दिन यानी कि 10 जुलाई बेहद निराशाजनक है, क्योंकि इस दिन पिछले साल इंग्लैंड में हुए आईसीसी वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारतीय टीम न्यूजीलैंड से हारकर बाहर हो गई थी। टीम की हार के बाद कई सवाल उठे। बल्लेबाजी क्रम हर मैच में बदलता रहा। चाैथे नंबर को लेकर टीम मैनेजमेंट पूरे टूर्नामेंट में कंफ्यूज दिखा। वहीं अब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर टॉम मूडी ने भारतीय टीम की उस गलती को उजागर की जिसके चलते टीम को हार मिली थी।
टाॅम मूडी का मानना है कि भारत ने टीम के अंदर अनिश्चितता पैदा करके खुद को नुकसान पहुंचाया था। मूडी ने क्रिकबज.कॉम से बात करते हुए कहा, 'भारत को जिन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है उनमें से एक अपने खिलाड़ियों से बहुत अधिक उम्मीद करना है। मैं नहीं जानता हूं, इसे पसंद करते हैं या नहीं। इसमें कोई संदेह नहीं कि क्रिकेट खेलने वाले किसी भी देश की तुलना में भारत के पास सबसे मजबूत खिलाड़ी हैं, लेकिन कभी यह बोझ बन सकती है।'
उन्होंने आगे कहा, 'जब आपको कई खिलाड़ियों में से चयन करना पड़ता है तो आप इस पर मनन कर सकते हैं कि आप अपनी सोच और समझ से किस तरह की योजना बनाना चाहते हैं। आप इस बारे में कैसा सोचते हैं कि एक विशेष टूर्नामेंट को जीतने के लिए आपको कैसा खेलने की जरूरत है।' टूर्नामेंट से पहले नंबर चार के बल्लेबाज को लेकर काफी विवाद हुआ। अंबाती रायुडू को टीम से बाहर कर दिया गया।
ऐसे में मूडी ने कहा, 'ऐसा लगता है कि भारत 12 महीने पहले टूर्नामेंट खेलने के लिए तैयार था, लेकिन टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले उसने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करके बल्लेबाजी क्रम में खिलाड़ियों को बदलकर और पूरी टीम में अनिश्चितता पैदा करके टूर्नामेंट जीतने की अपनी उम्मीदों पर पानी फेरने जैसा काम किया।' बता दें कि विराट कोहली की अगुवाई वाली टीम ने लीग चरण के नौ में से सात मैच जीते, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में उसे हार मिली।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
