नई दिल्ली: भारत सरकार अगले साल जनवरी में एक ऐप लॉन्च करने की योजना बना रही है ताकि लोगों को अपने फिटनेस स्तर की जांच और सुधार करने में मदद मिल सके। इस बात की जानकारी खेल सचिव रवि मित्तल ने पिछले शनिवार को दी थी।
मित्तल ने एयरटेल दिल्ली हाफ मैराथन प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, "हम अगले साल फिट इंडिया ऐप विकसित कर रहे हैं। यह अन्य स्वास्थ्य ऐप की तरह होगा लेकिन मुख्य बात यह होगी कि हर कोई अपनी फिटनेस का मूल्यांकन कर सकेगा।"
"हम जनवरी में किसी समय इस ऐप को लॉन्च करेंगे। मैं इस ऐप में आने वाले सभी प्रतिभागियों से अनुरोध करना चाहता हूं कि वे अपनी फिटनेस की जांच करें। यदि आप हर महीने अपनी फिटनेस की जांच करते हैं, तो यह आपकी फिटनेस में सुधार करेगा।"
आपको बता दें कि यह बात उन्होंने दिल्ली मैराथन से पहले होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही। यह मैराथन कल यानी 29 नवंबर से दिल्ली में शुरू हो रही है और कोरोना काल के बीच देश में होने वाली सबसे बड़ी प्रतियोगिताओं में से एक हैं। इस बार का आईपीएल भी कोरोना के प्रकोप के चलते दुबई में हुआ था और भारतीय जमीं पर अभी क्रिकेट की शुरुआत नहीं हुई है। लेकिन बेहतर बात यह है कि गोवा में बीते शुक्रवार से इंडियन सुपर लीग की शुरुआत हो गई है।
सरकार का मकसद अगले साल इस ऐप के माध्यम से लोगों में फिटनेस संस्कृति विकसित करना है और साथ ही पुरानी कल्चर में आमूलचूल बदलाव लाकर ओलम्पिक जैसी वैश्विक प्रतियोगिताओं के लिए नई पीढ़ी को शुरू से तैयार करना है।
इस बारे में बात करते हुए मित्तल ने कहा कि हमको ओलंपिक मेडल तभी मिल पाएगा जब हम खुद को बदलना सीखेंगे। साथ ही उन्होंने इस मैराथन इवेंट की तारीफ करते हुए कहा कि इससे कोरोनाकाल के दौरान हमें मजबूती मिलेगी।