'उसे हर मैच खेलना चाहिए', दिलीप दोशी ने दी भारत को 'प्लेइंग इलेवन' बदलने की सलाह
नई दिल्ली। पाकिस्तान के खिलाफ 24 अक्तूबर को मिली हार के बाद भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन पर सवाल उठाए जा रहे हैं। हार्दिक पांड्या बताैर बल्लेबाज खेले, लेकिन रन नहीं बना सके। इसके अलावा तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार भी लंबे समय से ज्यादा विकेट लेने में सफल नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में पूर्व क्रिकेटर दिलीप दोशी ने भी बयान देते हुए बताया कि भारत की कैसी प्लेइंग इलेवन होनी चाहिए।
दिलीप दोशी को लगता है कि हार्दिक पांड्या और भुवनेश्वर कुमार उस लय में नहीं खेल रहे हैं जिसके लिए जाने जाते हैं और उन्होंने टीम प्रबंधन से आईसीसी टी20 विश्व कप 2021 में आगामी मैचों के लिए रविचंद्रन अश्विन और शार्दुल ठाकुर को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का आग्रह किया। हार्दिक पांड्या पाकिस्तान के खिलाफ 8 गेंदों में सिर्फ 11 रन बनाकर बल्ले से फ्लॉप हो गए, जबकि भुवनेश्वर ने 3 ओवर में 25 रन लुटाए।
यह भी पढ़ें- चयनकर्ता हार्दिक पांड्या को करना चाहते थे बाहर, लेकिन धोनी नहीं हुए राजी

उसे हर मैच खेलना चाहिए
इस साल T20I में पांड्या का बल्ले से औसत 21 से अधिक है, जबकि भुवी भी गेंद से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं। ऑलराउंडर पांड्या के पीठ की चोट के कारण एहतियात के तौर पर गेंदबाजी नहीं कर पाने से भी भारत को कोई फायदा नहीं हुआ है। इसलिए दोशी की राय है कि भारत को इन दोनों के साथ नहीं खेलना चाहिए और इसके बजाय अश्विन और शार्दुल को अपनी प्लेइंग इलेवन में लाने की कोशिश करनी चाहिए। दोशी ने स्पोर्ट्सकीड़ा के साथ बात करते हुए कहा, "यह सच है कि कुछ लोग अपनी पिछली प्रतिष्ठा के आधार पर खेल रहे हैं। हार्दिक पांड्या और भुवनेश्वर कुमार जैसे खिलाड़ियों ने पिछले कुछ समय से अपनी पूरी क्षमता से प्रदर्शन नहीं किया है। रविचंद्रन अश्विन को हर मैच खेलना चाहिए क्योंकि वह इस समय दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्पिनर हैं। आप उन्हें ड्रॉप करने का खतरा नहीं उठा सकते।"

शार्दुल को निश्चित रूप से माैका देना चाहिए
उन्होंने आगे कहा, "हार्दिक पांड्या के पास बड़े स्तर की क्षमता है और उन्हें निरंतरता के साथ प्रदर्शन करने की अपनी क्षमता पर ध्यान देने की जरूरत है। 130 किमी स्पीड जोन में गेंदबाजी कर भुवनेश्वर बल्लेबाजों पर दबाव नहीं बना पा रहे हैं। ऐसे में शार्दुल को निश्चित रूप से माैका देना चाहिए क्योंकि वह हाल के दिनों में अच्छी लय में है और एक विस्फोटक क्रिकेटर है। दीपक चाहर भी टीम में जगह पाने के हकदार हैं।'' दोशी ने कहा, "मुझे भी लगता है कि पिछले कुछ सालों में जडेजा की गेंदबाजी में गिरावट आई है। वह एक महान क्रिकेटर हैं, लेकिन अपनी पूरी क्षमता से खेलने के लिए अपनी गेंदबाजी को सही लेंथ पर करने और सुधारने की जरूरत है।"

अब न्यूजीलैंड से भिड़ेगा भारत
भारत अब 31 अक्टूबर को दुबई में सुपर 12 के मैच में न्यूजीलैंड से भिड़ेगा। जो टीम मैच हारेगी, उसके लिए सेमीफाइनल में आगे बढ़ना मुश्किल हो जाएगा क्योंकि भारत और न्यूजीलैंड दोनों ने पाकिस्तान के खिलाफ अपने शुरुआती मैच गंवा दिए थे। भारत टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड को अभी तक हरा नहीं पाया है। दोनों के बीच दो बार टक्कर हुई, जिसमें न्यूजीलैंड ने बाजी मारी है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
