AUS vs IND: 5 मौके जब भारतीय टीम ने विरोधी टीम का किया सूपड़ा साफ, ऑस्ट्रेलिया को किया क्लीन स्वीप
नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मैच आज सिडनी के मैदान पर खेला जाना है, जिसमें भारतीय टीम ने पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। भारतीय टीम ने वनडे सीरीज में मिली 2-1 की हार का बदला लेते हुए सिडनी के मैदान पर खेले गये दूसरे मैच में 6 विकेट से जीत हासिल की। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 194 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। वहीं भारतीय टीम के लिये शिखर धवन, कप्तान विराट कोहली और हार्दिक पांड्या ने शानदार पारी खेली और इस मैच को 2 गेंद पहले ही जीत लिया।
और पढ़ें: NZ vs WI: वेलिंगटन टेस्ट से पहले वेस्टइंडीज को लगा दोहरा झटका, रोच-डॉविरच हुए बाहर
ऐसे में अगर भारतीय टीम सिडनी में खेले जाने वाले आखिरी मैच में जीत हासिल कर लेती है तो वह ऑस्ट्रेलिया को दोबारा उसी की सरजमीं पर क्लीन स्वीप करने का कारनामा करेगी। भारतीय टीम ने टी20 क्रिकेट के इतिहास में अब तक 5 बार विरोधी टीम को क्लीन स्वीप करने का कारनामा किया जिसमें 4 बार उसने 3 मैचों की टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप करने का कारनामा किया है तो वहीं एक बार 5 मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप किया। भारतीय टीम ने अब तक खेली गई 18 द्विपक्षीय टी20 सीरीज में से 14 में जीत हासिल की है।
और पढ़ें: AUS vs IND: सिडनी में ऑस्ट्रेलिया को क्लीन स्वीप कर धोनी के क्लब में शामिल हो सकते हैं कोहली

ऑस्ट्रेलिया को दोबारा क्लीन स्वीप करेगी टीम इंडिया
उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम ने साल 2016 के दौरे पर पहली बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 मैचों की सीरीज में कंगारू टीम का सूपड़ा साफ किया था। साल 2016 में भारतीय टीम पहली बार ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर वनडे प्रारूप में द्विपक्षीय सीरीज खेलने पहुंची थी, जहां पर उसे 5 मैचों की वनडे सीरीज के साथ ही 3 मैचों की टी20 सीरीज भी खेलनी थी।
भारतीय टीम ने इस दौरे पर वनडे सीरीज को 4-1 से गंवा देने के बाद टी20 सीरीज में वापसी की और 3-0 से जीत हासिल कर ऑस्ट्रेलिया को क्लीन स्वीप करने का कारनामा किया। यह भारतीय टीम के लिये पहली सीरीज थी जिसमें उसने विरोधी टीम का सूपड़ा साफ किया।

श्रीलंकाई टीम का भी किया सूपड़ा साफ
वहीं भारतीय टीम ने साल 2017 में अपनी दूसरी सीरीज में क्लीन स्वीप करने वाली जीत हासिल की। भारतीय टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी में श्रीलंकाई टीम को 3-0 से हराने का काम किया था। इस सीरीज में भारतीय टीम ने श्रीलंका को पहले 93 रनों से मात दी, तो दूसरे मैच में 88 रनों से हराया वहीं तीसरे और आखिरी मैच में जयदेव उनादकट की शानदार गेंदबाजी के दम पर जीत हासिल की।

वेस्टइंडीज को दो बार किया क्लीन स्वीप
वहीं भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले साल 2018 में अपनी घरेलू सरजमीं पर तो वहीं साल 2019 में उसने कैरिबियाई सरजमीं पर उसने 3 मैचों की टी20 सीरीज में सूपड़ा साफ किया। 2018 में खेली गई इस सीरीज में भारत ने पहले मैच में 5 विकेट से, दूसरे मैच में 71 रन और आखिरी मैच में 71 रनों से जीत हासिल की।
वहीं 2019 में जब भारतीय टीम कैरिबियाई दौरे पर पहुंची तो उसने पहले मैच में 4 विकेट से, दूसरे मैच में 22 रन से तो वहीं तीसरे मैच में 7 विकेट से जीत हासिल की थी।

न्यूजीलैंड को उसी के घर पर 5-0 से हराया
वहीं भारतीय टीम ने इसी साल फरवरी में न्यूजीलैंड सीरीज का दौरा किया था जहां पर उसने कीवी टीम को 5-0 से मात दी। भारतीय टीम ने इस दौरे पर कीवी टीम को दो बार सुपरओवर में हराने का कारनामा किया तो वहीं पर पहली बार न्यूजीलैंड को उसकी सरजमीं पर क्लीन स्वीप करने का काम किया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
