एशेज सीरीज के इतिहास में पहली बार बना ये बड़ा रिकॉर्ड, बैकफुट पर ऑस्ट्रेलिया
ब्रिस्बेन। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की एशेज सीरीज का पहला मैच ब्रिस्बेन में खेला जा रहा है। सीरीज के पहले ही मैच में कई बड़े रिकॉर्ड बने हैं। इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया जो इस सीरीज के इतिहास में पहले कभी नहीं बना। इंग्लैंड की तरफ से पहली पारी में तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए। गौर करने वाली बात ये थी कि ये तीनों ही बल्लेबाज एशेज सीरीज में अपना डेब्यू कर रहे थे।
एशेज इतिहास में ये पहला मौका है जब तीन खिलाड़ियों ने एशेज में डेब्यू करते हुए एक ही पारी में अर्धशतक लगाए। इंग्लैंड के जेम्स विंस (83), डेविड मलान (56) और मार्क स्टोनमैन (53) ने अर्धशतक लगाकर इतिहास रच दिया। इन तीनों के अर्धशतकों की बदौलत इंग्लैंड ने पहली पारी में ऑल आउट होकर 302 रन बनाए। अगर इन तीनों डेब्यू करने वाले बल्लेबाजों को छोड़ दें तो इंग्लैंड का कोई भी धाकड़ बल्लेबाज ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजी के आगे नहीं टिक सका।
हालांकि इंग्लैंड के बल्लेबाजों के अलावा ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज ने भी धमाकेदार रिकॉर्ड अपने नाम किया है। ब्रिस्बेन में खेले जा रहे एशेज सीरीज के पहले टेस्ट मैच में मेजबान टीम के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने अपने 150 टेस्ट विकेट पूरे कर लिए। इसके अलावा स्टार्क अब सबसे तेज 150 टेस्ट विकेट लेने वाले संयुक्त रूप से दुनिया के तीसरे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बन गए हैं।
स्टार्क ने ये उपलब्धि अपनी चिर प्रतिद्वंदी टीम के खिलाफ और दुनिया की सबसे बड़ी टेस्ट सीरीज एशेज में हासिल किया है। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया कती तरफ से इंग्लैंड की पहली पारी में मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। इसके अलावा नॉथन लॉयन ने दो और जोश हेजलवुड ने एक विकेट हासिल किया।
खबर लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में ही बैकफुट पर नजर आ रही है। ऑस्ट्रेलिया ने टी ब्रेक तक 24 ओवरों में 3 विकेट खोकर 76 रन बनाए हैं। वह अभी भी इंग्लैंड से पहली पारी के आधार पर 226 रन पीछे हैं। जबकि उसके तीन कीमती विकेट गिर चुके हैं।
कैमरन बेनक्रॉफ्ट, उस्मान ख्वाजा और डेविड वार्नर सस्ते में आउट होकर पवेलियन जा चुके हैं। स्मिथ और हैंड्सकॉम्ब क्रीज पर डटे हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
