सुरेश रैना, क्रिस गेल के खास क्लब में शामिल हुए मयंक अग्रवाल, नाम किया IPL का खास रिकॉर्ड
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन के 29वें मैच में पंजाब किंग्स की टीम का सामना दिल्ली कैपिटल्स से हुआ। दोनों टीमों के बीच खेला गया यह मैच 14वें सीजन के रिवर्स लेग का पहला मैच रहा जिसमें पंजाब की टीम को कप्तान केएल राहुल के रूप में बड़ा झटका लगा और वो एपेंडिक्स की सर्जरी के चलते टीम से बाहर हो गये। केएल राहुल की गैरमौजूदगी में पंजाब की टीम ने कप्तानी की जिम्मेदारी अपने दूसरे सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल को दी जिन्होंने अपने पहले ही मैच में कप्तानी पारी खेलते हुए अपनी टीम को मुश्किलों से बाहर निकाला और निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट खोकर 166 रनों के स्कोर तक पहुंचाने का काम किया।
और पढ़ें: DC vs PBKS: जब अक्षर पटेल ने एक ही गेंद पर किया दो रन आउट, एक ही दिशा में भागे दोनों खिलाड़ी
पंजाब किंग्स के लिये मयंक अग्रवाल ने पूरे 20 ओवर्स बल्लेबाजी की और नाबाद 99 रनों की पारी खेलकर वापस लौटने का काम किया। पंजाब किंग्स के लिये इस मैच में पावरप्ले एक बार फिर से दिक्कत भरा गुजरा और उसने 6 ओवर में 39 रन बनाकर अपने दो विकेट खोने का काम किया। इस दौरान मयंक अग्रवाल ने 37 गेंदों में 5 चौके लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया और डेविड मलान (26) के साथ तीसरे विकेट के लिये 52 रनों की साझेदारी की।
और पढ़ें: 'अब बंद हो जायेगी एलिस्टर कुक की बोलती', पहला टी20 शतक लगाने के बाद बोले जोस बटलर

37 गेंदो में अग्रवाल ने जड़ा अर्धशतक
मलान के जाने के बाद पंजाब की टीम ने दूसरे छोर से विकेट खोते रहना जारी रखा लेकिन मयंक अग्रवाल ने अपने छोर को पकड़े रखा। मयंक अग्रवाल ने अपनी इस पारी में 58 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके 4 छक्के की मदद से नाबाद 99 रनों की पारी खेली। इस दौरान मयंक अग्रवाल ने पहली 37 गेंदों में 51 रनों की पारी खेली तो वहीं अगली 21 गेंदों में 48 रन जोड़ने का काम किया।

रैना-गेल के खास क्लब में हुए शामिल
अपनी इस पारी के साथ ही मयंक अग्रवाल आईपीएल के इतिहास में नाबाद 99 रनों की पारी खेलने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गये हैं। मयंक अग्रवाल से पहले यह कारनामा सिर्फ क्रिस गेल और सुरेश रैना ही कर सके हैं। सुरेश रैना ने साल 2013 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सीएसके की ओर से खेलते हुए नाबाद 99 रनों की पारी खेलने का काम किया था तो वहीं पर क्रिस गेल ने साल 2019 में पंजाब किंग्स की ओर से खेलते हुए आरसीबी के खिलाफ नाबाद 99 रनों की पारी खेली थी।

कप्तानी के डेब्यू मैच में बनाया बड़ा रिकॉर्ड
इसके साथ ही मयंक अग्रवाल आईपीएल में कप्तानी के डेब्यू मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की फेहरिस्त में दूसरे पायदान पर काबिज हो गये हैं। इस लिस्ट में संजू सैमसन का नाम सबसे ऊपर है जिन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ इसी सीजन पहले मैच में 119 रनों की पारी खेली थी। वहीं मयंक अग्रवाल इस पारी के साथ दूसरे पायदान पर पहुंच चुके हैं। इस फेहरिस्त में दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व कप्तान श्रेयस अय्यर नाबाद 93 रनों की पारी के साथ तीसरे पायदान पर काबिज हैं जो उन्होंने केकेआर के खिलाफ मैच में बनाने का काम किया था। वहीं कायरन पोलार्ड इस लिस्ट में चौथे पायदान पर काबिज हैं जिन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ 2019 में 83 रनों की पारी खेली थी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications