क्या WTC फाइनल में हार से खत्म हो जायेगी भारत की बादशाहत, जानें दांव पर लगा है क्या कुछ
नई दिल्ली। आईसीसी की ओर से पहली बार आयोजित कराये जा रहे विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल मैच में अब बस एक हफ्ते का ही समय बाकी रह गया है और दुनिया भर के फैन्स बेसब्री से अपनी पसंदीदा टीम को क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप का चैम्पियन बनते हुए देखने को बेकरार हैं। 18 जून से 22 जून तक साउथैम्पटन के मैदान पर खेले जाने वाले इस टेस्ट मैच में विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय टीम का सामना अंडर 19 विश्व कप के सेमीफाइनल में उनके प्रतिद्वंदी और न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन से होना है। आईसीसी की रैंंकिंग मे दोनोंं ही टीमें दुनिया की सबसे बेहतरीन टीमों में शामिल हैं जिसके चलते यह फाइनल मैच और भी ज्यादा रोमांचक होता जा रहा है।
और पढ़ें: जानें क्यों WTC फाइनल में अश्विन बनेंगे भारतीय टीम का सबसे बड़ा हथियार, देखें बड़ा रिकॉर्ड
भारतीय टीम ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में कई सारी बड़ी उपलब्धियां हासिल की लेकिन साल 2014 में जब उन्होंने अपने टेस्ट करियर को अलविदा कहा तो उस वक्त भारत की स्थिति कुछ खास नहीं थी। बीसीसीआई ने विराट कोहली को टीम की कमान सौंपी लेकिन शुरुआती कुछ टेस्ट सीरीज में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। हालांकि टीम मैनेजमेंट और कप्तान कोहली ने हर हार से कुछ सीखकर वापसी करना जारी रखा और एक ऐसी टीम बन गये जिसने पिछले 5 सालों से टेस्ट की नंबर 1 टीम बने रहने का ताज अपने नाम किया हुआ है।

क्या खत्म हो जायेगी विराट सेना की बादशाहत
कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम का विदेशी सरजमीं पर भी प्रदर्शन बेहतर हुआ और टीम ने ऑस्ट्रेलिया में जाकर उनकी बेस्ट टीम को हराना शुरू कर दिया, इतना ही नहीं टीम ने ऐसी बेंच स्ट्रेंथ तैयार कर दी है जिसका तोड़ दुनिया में किसी भी टीम के पास नहीं है। ऐसे में जब भारतीय टीम का सामना टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल मैच में न्यूजीलैंड से होगा और विराट सेना को हार का सामना करना पड़ गया तो क्या इतने सालों से चली आ रही भारतीय टीम की बादशाहत खत्म हो जायेगी।
उल्लेखनीय है कि आईसीसी की रैंंकिंग में फिलहाल भारतीय टीम पहले पायदान पर काबिज है जबकि न्यूजीलैंड की दूसरे नंबर पर काबिज हैं। आईसीसी रेटिंग की बात करें तो दोनों टीमों के बीच सिर्फ 1 प्वाइंट का ही अंतर है। ऐसे में जब दोनों टीमें टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में भिड़ेंगी तो जीत के साथ न सिर्फ लंबे अरसे से चले आ रहे आईसीसी खिताब के सूखे को खत्म करेंगी बल्कि आईसीसी रैंकिंग में नंबर 1 टीम भी बन जायेंगी। अगर भारत यह मैच जीतता है तो उसकी रेटिंग बढ़कर 123 हो जायेगी तो वहीं पर कीवी टीम के जीतने पर यह 121 हो जायेगी। यह इस साल दूसरी बार होगा जब कीवी टीम टेस्ट रैंकिंग में दुुनिया की नंबर 1 टीम बनने का कारनामा करेगी।

आईसीसी खिताब के सूखे को खत्म करने का मौका
हालांकि इससे भारतीय टीम की बादशाहत खत्म नहीं होगी लेकिन उसके लिये इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत को जीत हासिल करनी होगी, वरना हो सकता है कि इस साल भारतीय टीम को टेस्ट रैंकिंग में पहले नंबर पर पहुंचने का दूसरा मौका न मिले। विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने अब तक चैम्पियंस ट्रॉफी 2017 का फाइनल खेला और 2019 विश्व कप का सेमीफाइनल, हालांकि उसे दोनों में ही जीत नहीं मिल सकी। वहीं भारतीय टीम ने 2013 की चैम्पियंस ट्रॉफी के बाद से 5 बार आईससी टू्र्नामेंट के फाइनल या सेमीफाइनल में जगह बनाने का काम किया लेकिन एक बार भी खिताब जीत नहीं सके, ऐसे में टेस्ट चैम्पियनशिप के पहले संस्करण में विराट सेना के पास इस सूखे को खत्म करने का बड़ा मौका है, जिसे वो किसी भी हाल में खोना नहीं चाहेंगे।
वहीं कीवी टीम की बात करें तो उसके पास अब तक सिर्फ एक ही आईसीसी ट्रॉफी है जो उन्होंने साल 2000 में भारत को ही हराकर अपने नाम की थी, जिसके बाद उन्होंने आईसीसी टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन तो किया लेकिन खिताब नहीं जीत सके। ऐसे में वो भी दो दशक से ज्यादा समय से चले आ रहे इस खिताबी सूखे को मिटाने की पूरी कोशिश करेंगे।

फाइनल की जीत ऐतिहासिक बना सकती है इंग्लैंड दौरा
भारत के लिये टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल मैच इंग्लैंड दौरे पर खेला गया पहला मैच होगा जिसके बाद उसे इंग्लिश टीम के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। 2007 के बाद से भारत ने इंग्लैंड में खेली गई एक भी टेस्ट सीरीज में जीत हासिल नही कि लेकिन अगर विराट सेना इंग्लैंड की सरजमीं पर टेस्ट चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम करती है तो उसका आत्म-विश्वास काफी बढ़ा हुआ होगा, जो कि इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में 14 साल बाद ऐतिहासिक जीत हासिल कर सकता है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications