सिंगापुर। सिंगापुर में खेली जा रही महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने अपने पहले मैच में जापान के साथ ड्रॉ खेलकर अपने अभियान की शुरुआत की है।
सिंगापुर मे शनिवार को जापान के खिलाफ अपने पहले मैच में भारतीय महिला हॉकी टीम ने एक समय 2-0 की बढ़त के साथ मैच पर मजबूत पकड़ बना ली थी। टीम इस बढ़त को बरकरार रखने में नाकामयाब रही और मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ।
जापान और भारत दोनों ही टीमों ने शुरूआत में आक्रामक खेल नहीं दिखाया। पहले हाफ में दोनों ही टीमों के रक्षात्मक रहने की वजह से कोई गोल नहीं हुआ।
भारतीय टीम ने तीसरे क्वार्टर मे शानदार खेल दिखाते हुए दो गोल किए। दीपिका ने 36 वें और दीपा एक्का ने 42 वें मिनट में गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया।
भारत इस बढ़त को बरकरार ना रख सकी। जापान की ओर से 47 वें और 50वें मिनट में हुए गोल हुए। जिससे स्कोर 2-2 हो गया जो आखिर तक बना रहा। भारतीय टीम अब रविवार को दक्षिण कोरिया के खिलाफ खेलेगी।
भारत की सीनियर खिलाड़ी वंदना कटारिया के लिए ये मैच यादगार रहा। वंदना का ये 150वां अंतरराष्ट्रीय मैच है। उत्तर प्रदेश की वंदना 2010 से टीम का हिस्सा हैं।