अर्जेंटीना के साल्टा शहर में चल रही इस प्रतियोगिता के पहले सेमी फ़ाइनल में न्यूज़ीलैंड और अर्जेंटीना की टीमें आमने-सामने थी. न्यूज़ीलैंड ने मैच की शानदार शुरुआत की और शिया मैकएलीज़ के बदौलत 1-0 की बढ़त हासिल कर ली. लेकिन दो बार की चैम्पियन अर्जेंटीना की टीम ने जल्द ही स्कोर बराबर कर दिया. अर्जेंटीना की ओर से गोल किया पेड्रो इबारा ने.
न्यूज़ीलैंड ने शानदार खेल का सिलसिला क़ायम रखा और पहले हाफ़ में ही फिल बरोस के गोल की बदौलत 2-1 की बढ़त हासिल कर ली. दूसरे हाफ़ में मैकएलीज़ ने एक और गोल किया. अर्जेंटीना की ओर से भी एक गोल हुआ लेकिन न्यूज़ीलैंड ने 3-2 से जीत हासिल करके फ़ाइनल में जगह बना ली.
भारत-पाकिस्तान मैच
दूसरे सेमी फ़ाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान का मुक़ाबला था. अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल करने वाली भारतीय टीम उत्साह से इस मैच में उतरी. लेकिन दो मिनट के अंदर ही रेहान बट के गोल की बदौलत पाकिस्तान ने बढ़त हासिल कर ली. जल्द ही भारत ने स्कोर बराबर कर दिया जब धनंजय महादिक ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया.
पाकिस्तान ने बेहतरीन हॉकी का प्रदर्शन किया और हाफ़ टाइम तक 3-1 की बढ़त हासिल कर ली. आख़िरकार उसने 6-3 के बड़े अंतर से जीत हासिल की. पाकिस्तान की ओर से रेहान बट ने हैट्रिक लगाई. इस प्रतियोगिता का फ़ाइनल मैच रविवार को खेला जाएगा. प्रतियोगिता की विजेता टीम को अगले साल चैम्पियंस ट्रॉफ़ी में सीधे प्रवेश मिलेगा.