नेहरू कप फ़ुटबॉल प्रतियोगिता में भारत अपने पहले ही मैच में लेबनान से 0-1 से हार गया है.
दिल्ली में बुधवार से शुरु हुई नेहरू कप फ़ुटबॉल प्रतियोगिता के पहले ही मैच में वर्तमान चैंपियन भारत को हार का मुँह देखना पड़ा. भारत लेबनान से 0-1 से हार गया.
बुधवार को हुए मैच में लेबनान ने खेल के शुरु में ही भारत पर गोल दाग दिया और 1-0 से बढ़त बना ली. बाद में भारत को कई मौके मिले लेकिन वो उन्हें गोल में नहीं बदल पाया.
लेबनान को गोल करने का पहला मौका चौथे मिनट में मिला लेकिन वो कामयाब नहीं रहा.
फिर पाँचवे ही मिनट में लेबनान ने दूसरी बार हमला किया और भारतीय गोलकीपर सुब्रत पॉल को बचाव का कोई अवसर नहीं दिया. इस तरह लेबनान 1-0 से आगे हो गया.
इसके करीब तीन मिनट बाद ही भारत को मैच बराबर करने का अवसर हाथ लगा लेकिन भारतीय टीम इसका फ़ायदा नहीं उठा पाई.
भारत ने गवांए मौके
पहले पंद्रह मिनट का खेल छोड़ दें तो भारतीय टीम लेबनान पर हावी रही. पहला गोल दागने के बाद लेबनान की शैली में धीमापन देखा गया लेकिन भारतीय खिलाड़ी लगातार चुनौती देते रहे.
भारत को दूसरी बार भी गोल करने का मौका तो मिला लेकिन लेबनान के डिफ़ेंडर अली हमाम ने भारतीय मंसूबों पर पानी फेर दिया.
मध्यांतर से चार मिनट पहले भी भारत को एक और अवसर मिला लेकिन एनपी प्रदीप का हेडर निशाने से चूक गया.
भारत ने 2007 में नेहरू कप पर क़ब्ज़ा किया था. उसे उम्मीद थी कि वो प्रतियोगिता की शुरुआत जीत से करेगा. 14 जनवरी के बाद भारतीय टीम अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रही थी.
वहीं लेबनान की टीम अपने चार नियमित राष्ट्रीय खिलाड़ियों के बगैर खेल रही थी.