श्रीलंका में चल रही त्रिकोणीय श्रृंखला के एक मैच भारत ने न्यूज़ीलैंड को 105 रनों से हरा दिया है.
भारत ने इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए 223 रन बनाए. इस स्कोर का पीछा करते हुए सारी न्यूज़ीलैंड टीम 118 पर आउट हो गई.
टूर्नामेंट में बने रहने के लिए भारत को ये मैच हर हाल में जीतना था और सही मौक़े पर टीम ने बढ़िया प्रदर्शन किया.
हांलाकि टॉस जीतने के बाद पहले बैटिंग करते हुए भारतीय पारी लगभग लड़खड़ा गई थी लेकिन 66 रनों पर चार विकेट खोने के बाद वीरेंदर सहवाग और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की 107 रनों का साझेदारी ने टीम के स्कोर को काफ़ी मज़बूती दी.
सहवाग ने इस त्रिकोणीय श्रृंखला में अपनी बढ़िया फ़ॉर्म को जारी रखते हुए आउट होने से पहले 110 बनाए.
ये एक दिवसीय मैचों में उनका 13वां शतक है.
लेकिन सहवाग के अलावा सिर्फ़ कप्तान धोनी 38 और रविंद्र जाडेजा 17 रनों का उल्लेखनीय योगदान दे पाए, बाक़ी बल्लेबाज़ तो आठ से अधिक रन भी नहीं बना पाए.
भारतीय लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूज़ीलैंड की टीम को चार शुरुआती झटके लगे. महज़ 22 रन के स्कोर पर न्यूज़ीलैंड के चार बल्लेवाज़ आउट हो चुके थे.
भारत की तरफ़ से प्रवीण कुमार ने गुप्टिल और कैप्टन रॉस टेलर को आउट किया. इसके बाद न्यूज़ीलैंड का बल्लेबाज़ी क्रम दबाव में आ गया.
मुनाफ़ पटेल ने भी इस मैच में अच्छी बॉलिंग करते हुए तीन बल्लेबाज़ों को आउट किया.