भारत की टीम छह देशों के पूल में अब चौथे नंबर पर पहुंच गई है.वहीं पाकिस्तान की टीम भी गुरुवार को इंग्लैंड से हार गई.इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 4-2 से तगड़ी शिकस्त दी है.उधर ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को 12-0 से हराकर एक नया कीर्तिमान बना दिया है. इतने अंतर से विश्वकप हॉकी के रिकॉर्ड में किसी भी टीम की हार नहीं दर्ज हुई है.
गुरूवार का मुक़ाबला भारत और स्पेन दोनों ही के लिए अहम था और दोनों ही टीमों की कोशिश थी कि इस मैच से पूरे प्वाइंट अर्जित किए जाएं. पर इस कोशिश में स्पेन ने भारत को पीछे छोड़ दिया है.भारत के खिलाड़ियों ने गुरुवार को अच्छे खेल का प्रदर्शन तो किया लेकिन स्पेन के सधे और आक्रामक खेल के आगे उनके पाँव उखड़ गए.
भारतीय कोच होज़े ब्रासा स्पेन के रहनेवाले हैं. जानकार मानते हैं कि भारतीय कोच ने अपनी टीम को स्पेन के ख़िलाफ़ कुछ अहम टिप्स दिए होंगे पर कोच की कोशिशें रंग लाती नज़र नहीं आईं.वैसे, शिवेंद्र सिंह जैसे धुरंधर हॉकी खिलाड़ी की कमी भी भारतीय टीम को साफ़ नज़र आई. पाकिस्तान के खिलाड़ी से भिड़त के कारण उनपर तीन मैचों का प्रतिबंध लगा दिया गया है.