कोहली की विराट पारी ने भारत को जीत दिलाई
विशाखापत्तनम में बुधवार को खेले गए दूसरे वनडे मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पाँच विकेट से हरा दिया है. आख़िरी क्षणों में मुकाबला कड़ा रहा लेकिन भारतीय युवा खिलाड़ी इस कसौटी पर खरे उतरे.
भारत की जीत का सेहरा बँधा वीराट कोहली के सर जिन्होंने शानदार 118 रन बनाए. अंत में सुरेश रैना के नाबाद 71 रनों ने भारत को जीत दिलाई. आशीष नेहरा ने दो विकेट लिए. कोहली मैन ऑफ़ द मैच बने.
टॉस जीतते हुए भारत ने पहले फ़ील्डिंग करने का फ़ैसला किया. ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पारी में मात्र तीन विकटों के नुकसान पर 289 रन बनाए.
ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत काफ़ी ख़राब रही. चौथे ही ओवर में शॉन मार्श बिना कोई रन बनाए नेहरा की गेंद पर आउट हो गए और फिर आठवें ओवर में नेहरा ने टिम पेन को नौ के स्कोर पर चलता किया.
लेकिन इसके बाद माइकल क्लार्क ने माइकल हसी के साथ मिलकर पारी को संभाला. दोनों अच्छी फ़ॉर्म में थे. हसी ने सात चौकों की मदद से कुल 69 रन बनाए और 37वें ओवर में आर अश्विन की गेंद पर आउट हुए. तब तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर हो चुका था तीन विकेट पर 160 रन.
इस बीच क्लार्क की आतिशी पारी जारी रही और उनका साथ दिया कैमरन वाइट ने. दोनों अंत तक क्रीज़ पर टिके रहे. क्लार्क ने सात चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 111 रन जोड़े तो वाइट ने छह चौकों और छह छक्कों की मदद से मात्र 49 गेंदों में नाबाद 89 रन बनाए.
कुल पचास ओवरों में ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट पर 289 रन बनाए. भारत की ओर से नेहरा को दो विकेट मिले.
विराट पारी
ऑस्ट्रेलिया की तरह भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही. पहले ही ओवर में शिखर धवन बिना खाता खोले क्लिंट मैके का शिकार हो गए और नौवों ओवर में मैके ने मुरली विजय को 15 रनों पर आउट कर दिया.
लेकिन विराट कोहली ने पारी को लड़खड़ाने नहीं दिया. कोहली ने युवराज के साथ मिलकर भारतीय पारी को मज़बूत आधार दिया. युवराज ने पाँच चौकों की मदद से 58 रन बनाए और 34वें ओवर में मैके ने उन्हें अपना तीसरा शिकार बनाया.
लेकिन कोहली का आक्रामक रुख जारी रहा. उन्होंने मैदान पर चौकों की बरसात कर दी. 11 चौकों और एक छक्के की मदद से उन्होंने 118 रन जड़े और 44वें ओवर में हेस्टिंग्स का शिकार हो गए. उस समय भारत का स्कोर था चार विकेट पर 256 रन. अभी भारत को जीत के लिए 34 रनों की दरकार थी.
कोहली की जगह आए कप्तान धोनी को हेस्टिंग्स ने खाता भी नहीं खोलने दिया और भारत का पाँचवा विकेट गिर गया. इस समय ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय बल्लेबाज़ों पर दवाब बना लिया और खेल में वापसी की.
लेकिन सुरेश रैना क्रीज़ पर डटे रहे और मैच को हाथ से निकलने नहीं दिया. सौरभ तिवारी के साथ मिलकर वे भारत को जीत दिलवाने में सफल रहे.ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैके को तीन और हेस्टिंग्स को दो विकेट हासिल हुए. रैना ने नाबाद 71 रन बनाए.
तीन मैचों की वनडे सिरीज़ का पहला मैच रविवार को कोच्चि में खेला जाना था लेकिन बारिश की वजह से ये रद्द कर दिया गया था.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
