भारत के महेश भूपति और मार्क नोल्स की जोड़ी विंबलडन में पुरुष डबल्स के क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँची. लेकिन मिक्स्ड डबल्स में वे लिएंडर पेस से हार गए.
महेश भूपति अपने जोड़ीदार बहामास के मार्क नोल्स के साथ पुरुषों के डबल्स मुक़ाबले के क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँच गए हैं. लेकिन मिक्स्ड डबल्स में वे अपनी जोड़ीदार सानिया मिर्ज़ा के साथ तीसरे दौर का मैच हार गए.
सानिया-भूपति की जोड़ी हार गई
मिक्स्ड डबल्स के इस मैच में उन्हें किसी और ने नहीं बल्कि भारत के लिएंडर पेस और ज़िम्बाब्वे की कारा ब्लैक की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी ने मात दी.
भूपति और नोल्स ने क्वार्टर फ़ाइनल में जगह बनाने के लिए भारत के ही प्रकाश अमृतरात और पाकिस्तान के एसाम-उल-हक़ क़ुरैशी को 6-4, 5-7, 7-6, 6-0 से मात दी. हालाँकि भूपति और नोल्स के लिए यह मैच आसान नहीं रहा. उन्होंने पहला सेट 6-4 से आसानी से जीत लिया था.
मुक़ाबला
लेकिन दूसरे सेट में प्रकाश अमृतराज और एसान ने वापसी की और 7-5 से सेट जीत लिया. तीसरे सेट में कड़ी टक्कर हुई और मुक़ाबला टाई ब्रेकर तक गया. टाई ब्रेकर में भूपति और नोल्स ने जीत हासिल की.
चौथे सेट में भूपति और नोल्स ने ज़बरदस्त टेनिस का प्रदर्शन किया और हावी होकर खेल दिखाया. वे इस सेट में 4-0 से आगे चल रहे थे जब बारिश के कारण मैच रोकना पड़ा. लेकिन इससे कुछ ख़ास असर नहीं हुआ. भूपति और नोल्स ने तीसरा सेट 6-0 से जीतकर क्वार्टर फ़ाइनल में जगह बना ली.
पुरुष डबल्स में भूपति की जीत तो हो गई लेकिन मिक्स्ड डबल्स का मैच वे हार गए.भूपति और सानिया मिर्ज़ा को भारत के लिएंडर पेस और ज़िम्बाब्वे की कारा ब्लैक की जोड़ी ने 6-2, 6-7 और 6-3 से हरा दिया.