नेहरू कप में भारत की विजय
भारत ने दिल्ली में चल रही नेहरू कप अंतरराष्ट्रीय फ़ुटबॉल प्रतियोगिता में अपनी उम्मीदें बनाए रखी है. भारत ने रविवार को हुए एक अहम मैच में किर्गिस्तान को 2-1 से हरा दिया.
भारतीय फ़ुटबॉल टीम के कप्तान बाइचुंग भूटिया ने भारत की ओर से अपना 100वाँ मैच खेलते हुए प्रशंसकों को निराश नहीं किया. उन्होंने एक गोल किया और दूसरे गोल की भूमिका तैयार की.
पहला मैच लेबनान से हार जाने के बाद भारतीय कैंप में काफ़ी निराशा थी. लेकिन इस निराशा को धोते हुए भारत ने शानदार जीत हासिल की.
कप्तान भूटिया ने भारत की ओर से पहला गोल मैच के 43वें मिनट में किया. जबकि दूसरा गोल संजीव छेत्री ने पेनल्टी पर 57वें मिनट में किया.
कप्तान बाइचुंग भूटिया को किर्गिस्तान के गोलकीपर मताएश पावेल ने गिरा दिया था. इसी कारण रेफ़री ने भारत को पेनल्टी दिया था.
प्रदर्शन
मैच ख़त्म होने से कुछ पहले 89वें मिनट में किर्गिस्तान की ओर से मुरज़ाएव मिरलान ने एकमात्र गोल किया.
पूरी तरह भरे अंबेडकर स्टेडियम में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया. इस मैच के लिए टीम में शामिल किए गए संजीव छेत्री ने बेहतरीन खेल दिखाया और किर्गिस्तान की रक्षा पंक्ति को परेशान किए रखा.
हाफ़ टाइम से दो मिनट पहले कप्तान भूटिया ने गोल करके भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी.
दूसरे हाफ़ में भी भारत ने लगातार आक्रमण किया. इसका लाभ उसे 57वें मिनट में उस समय मिला जब भूटिया को किर्गिस्तान को गोलकीपर ने गिरा दिया. रेफ़री ने भारत को पेनल्टी दिया. संजीव छेत्री ने इस पर गोल करके भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी.
मैच के आख़िरी क्षण में किर्गिस्तान ने एक गोल करके अपने हार के अंतर को कम कर लिया. अब भारत का मैच बुधवार को श्रीलंका से होना है.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications